जम्मू में स्वच्छता का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे स्कूली बच्चे, रैली से दिया स्वच्छ आरएसपुरा का संदेश
जम्मू के आरएसपुरा में नगर पालिका ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली, जिसमें स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस रैली के माध्यम से लोगों को अपने घ ...और पढ़ें

आरएसपुरा में स्कूली बच्चों ने निकाली स्वच्छता रैली।
HighLights
स्कूली बच्चों ने स्वच्छता जागरूकता रैली में भाग लिया।
विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह रैना ने रैली को रवाना किया।
लोगों को घरों व सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की अपील।
संवाद सहयोगी, आरएसपुरा: आरएसपुरा नगर पालिका की ओर से स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से लोकल अर्बन बॉडीज के दिशा-निर्देशन में जागरूकता रैली निकाली गई। ‘स्वच्छता संकल्प-स्वच्छता अपनाओ, स्वच्छ जीवन पाओ’ के संदेश के साथ निकली इस रैली में स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और हाथों में तिरंगे व स्वच्छता संबंधी संदेश लिखे पोस्टर लेकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।
रैली बॉयज शहीद अरविंद बजला हायर सेकेंडरी स्कूल से शुरू हुई। कार्यक्रम में विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह रैना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रैली को रवाना किया। इसके बाद रैली आरएसपुरा के मुख्य बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस स्कूल परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।
घरों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अपील
सोमवार को रैली में शामिल विद्यार्थियों ने लोगों से अपने घरों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखने, कूड़ा इधर-उधर न फेंकने और कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की। बच्चों के हाथों में तिरंगे और स्वच्छता का संदेश देते पोस्टर लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वच्छता को आदत बनाने की जरूरत : डॉ. रैना
इस अवसर पर विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह रैना ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल हो सकता है जब लोग इसे केवल अभियान तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं।
खबरें और भी
उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे समाज में जागरूकता फैलाने के सबसे प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। जब विद्यार्थी स्वच्छता का संदेश लेकर बाजार और लोगों के बीच पहुंचते हैं तो इसका सकारात्मक प्रभाव परिवारों और पूरे समाज पर पड़ता है।
स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी पर जरूरत
डॉ. रैना ने कहा कि आरएसपुरा को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर पालिका के प्रयासों के साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
नगर पालिका की ओर से बताया गया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति लोगों की जिम्मेदारी बढ़ाना और ‘स्वच्छता अपनाओ, स्वच्छ जीवन पाओ’ के संदेश को हर घर तक पहुंचाना है।