यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
J&K Weather Today: कोहरे से नहीं उबर पा रहा सड़क, रेल और हवाई यातायात; जम्मू में दिन का तापमान श्रीनगर से ठंडा
Jammu Kashmir Update जम्मू कश्मीर समेत उत्तर भारत में कोहरे के आगोश से सड़क रेल और हवाई यातायात उबर नहीं पा रहा है। जम्मू में सोमवार को भी तड़के से ही ...और पढ़ें

HighLights
- विभाग ने 24 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने की जताई संभावना।
- जम्मू में दिन का तापमान श्रीनगर से काफी ठंडा।
- कश्मीर के सभी हिस्सों में रात का पारा जमाव बिंदु से नीचे।
- पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 6.9 डिग्री।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू कश्मीर समेत उत्तर भारत में कोहरे के आगोश से सड़क, रेल और हवाई यातायात उबर नहीं पा रहा है। जम्मू में सोमवार को भी तड़के से ही कोहरा छा गया। दिन में बादल भी रहे। पूरे दिन में पल भर के लिए भी धूप नहीं निकली। इससे ठिठुरन और बढ़ गई है।
कोहरे के चलते सोमवार को जम्मू से चलने वाली हिमसागर एक्सप्रेस और योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को रद कर दिया गया। इस बीच, नौ रेलगाड़ियां सात घंटे तक की देरी से जम्मू रेलवे स्टेशन पहुंचीं। सुबह के समय जम्मू हवाई अड्डे पर आने वाली अधिकतर उड़ानें एक घंटे तक की देरी से पहुंचीं, जबकि मुंबई, दिल्ली और श्रीनगर से आने वाली पांच उड़ानें रद रहीं।
विभाग ने 24 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने की जताई संभावना
मौसम विभाग ने 24 जनवरी तक मौसम ऐसा ही शुष्क बना रहने के आसार जताए हैं। इसके बाद 31 तक वर्षा और हल्के हिमपात के आसार बन रहे हैं। जम्मू में अधिकतम तापमान पिछले कई दिनों से दहाई के नीचे ही चल रहा है और सामान्य से 11 डिग्री तक कम पर गोता लगा रहा है।
जम्मू में दिन का तापमान श्रीनगर से काफी ठंडा
पिछले एक पखवाड़ो से जम्मू में दिन का तापमान श्रीनगर से काफी ठंडा रह रहा है। सोमवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 9.6 और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू ही नहीं, कश्मीर भी शीत लहर की चपेट में है। कश्मीर में दिन का पारा सामान्य से ऊपर है तो न्यूनतम तापमान अधिक ठिठुर रहा है।
खबरें और भी
कश्मीर के सभी हिस्सों में रात का पारा जमाव बिंदु से नीचे
कश्मीर के सभी हिस्सों में रात का पारा जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा और शोपियां शहरों में न्यूनतम तापमान माइनस 7.4 डिग्री रहा। सोमवार को दोनों शहर घाटी में सबसे ठंडे स्थान रहे। वहीं, श्रीनगर में रविवार रात को न्यूनतम तापमान माइनस 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 6.9 डिग्री
जो पिछली रात को माइनस 4.8 डिग्री सेल्सियस था। अनंतनाग जिले अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 6.9 डिग्री रहा। गौरतलब है कि वर्षा नहीं होने से मौसमी बीमारियां भी काफी बढ़ गई हैं। सर्दी, खांसी और बुखार से सबसे ज्यादा छोटे बच्चे चपेट में आ रहे हैं।