देशभक्ति के रंग में रंगा जम्मू, पुलिस जवानों की तिरंगा बाइक रैली ने खींचा ध्यान, शहर में गूंजा एकता का संदेश
जम्मू जिले में स्वतंत्रता दिवस से पहले 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत देशभक्ति का माहौल है। जम्मू पुलिस ने शहर में तिरंगा बाइक रैली निकालकर राष्ट्रीय एक ...और पढ़ें

जम्मू पुलिस की ओर से शहर में तिरंगा बाइक रैली निकाली गई।
HighLights
जम्मू में स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का माहौल।
पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा बाइक रैली।
'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ने का संदेश।
जागरण संवाददाता, जम्मू। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जम्मू जिले में देशभक्ति का माहौल लगातार जोर पकड़ रहा है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न स्थानों पर तिरंगा रैलियां निकालकर लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जा रहा है। जगह-जगह तिरंगे के साथ निकाली जा रही रैलियों में बड़ी संख्या में लोग उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं।
अभियान के तहत सोमवार को जम्मू शहर में भी देशभक्ति का खास नजारा देखने को मिलेगा। जम्मू जिला पुलिस की ओर से सोमवार शाम शहर में तिरंगा बाइक रैली निकाली गई।
शहर के चप्पे-चप्पे में गूंजा देशभक्ति का संदेश
बाइक रैली में पुलिसकर्मी तिरंगा लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरे और लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। जिला पुलिस लाइन जम्मू से एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह ने तिरंगा बाइक रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
डीपीएल जम्मू से शुरू हुई बाइक रैली सतवारी, गांधी नगर और छन्नी हिम्मत सहित आसपास के क्षेत्रों से होकर गुजरी। रैली के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्रा से घर-घर पहुंचा राष्ट्रीय एकता का संदेश
कार्यक्रम में एसएसपी जम्मू के अलावा एसपी मुख्यालय, एसपी सिटी साउथ, डीएसपी डीएआर, एसडीपीओ सिटी ईस्ट, एसडीपीओ सिटी साउथ, सभी थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे। एसएसपी जम्मू ने इस मौके पर कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस से पहले इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय एकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है।
खबरें और भी
घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील
इन दिनों स्वतंत्रता दिवस को लेकर जम्मू जिले में सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी तैयारियां चल रही हैं। कई स्थानों पर तिरंगे लगाए गए हैं और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बच्चों और युवाओं में भी हर घर तिरंगा अभियान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
तिरंगा रैलियों के दौरान लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस के जश्न में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया जा रहा है।
जम्मू की सड़कों पर तिरंगे के साथ निकलने वाली रैलियां स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर के माहौल को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग रही हैं। आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न हिस्सों में ऐसी तिरंगा यात्राओं का आयोजन होने वाला है।