स्वतंत्रता दिवस से पहले जम्मू में गिरा पाकिस्तानी झंडा! आरएसपुरा में गुब्बारों संग मिला, BSF अलर्ट
आरएसपुरा के चंदू चक गांव में गुब्बारों के साथ एक पाकिस्तानी झंडा मिला, जिसे ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए बीएसएफ को सौंप दिया। यह सीमांत क्षेत्र में ऐसी पहली घटना नहीं है, जहां हवा के साथ अक्सर ऐसी वस्तुएं भारतीय क्षेत्र में आ जाती हैं।

चंदू चक में मिला गुब्बारों वाला पाकिस्तानी झंडा।
HighLights
चंदू चक गांव में गुब्बारों के साथ पाकिस्तानी झंडा मिला।
ग्रामीणों ने तुरंत झंडा उठाकर बीएसएफ को सौंपा।
सीमांत क्षेत्र में ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।
जागरण संवाददाता, आरएसपुरा: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांव चंदू चक में शुक्रवार दोपहर उस समय हलचल मच गई, जब गुरुद्वारे के पास ग्रामीणों को गुब्बारों के साथ लगा पाकिस्तानी झंडा पड़ा मिला। ग्रामीणों ने झंडे को उठाकर बीएसएफ को सौंप दिया। घटना के बाद सीमांत क्षेत्र में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
स्थानीय निवासी सुरजीत सिंह और नीतीश कुमार ने बताया कि शुक्रवार करीब दोपहर एक बजे के आसपास गांव के गुरुद्वारे के पास गुब्बारों के साथ लगा पाकिस्तानी झंडा आकर गिरा।
ग्रामीणों की नजर जब इस पर पड़ी तो उन्होंने पहले इसे उठाया, फिर अपने पास सुरक्षित रखा। इसके बाद में बीएसएफ को पाकिस्तानी झंडा सौंप दिया।
पहले भी कई बार मिल चुके पाकिस्तानी गुब्बारे और झंडे
सीमांत क्षेत्र में इस तरह पाकिस्तानी झंडे और गुब्बारों के पहुंचने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे भारतीय गांवों में कई बार पाकिस्तानी गुब्बारे और झंडे मिल चुके हैं।
ग्रामीण रहते हैं सतर्क
सीमा क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं को लेकर ग्रामीण भी सतर्क रहते हैं और किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने पर तुरंत सुरक्षा बलों को इसकी जानकारी देते हैं।
सीमा पास होने से हवा के साथ चीजें आ जातीं
ग्रामीणों ने कहा कि सीमा से सटे होने के कारण हवा के रुख के साथ कई बार गुब्बारे और अन्य वस्तुएं भारतीय क्षेत्र में पहुंच जाती हैं। चंदू चक में मिले पाकिस्तानी झंडे को भी ग्रामीणों ने बिना किसी तरह की लापरवाही किए बीएसएफ को सौंप दिया।

