विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Snowfall in J&K: मौसम की पहली बर्फबारी से खिल उठा भद्रवाह, कश्मीर में भी बर्फ गिरी; कई रास्ते बंद

Updated: Mon, 25 Nov 2024 07:25 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। डोडा जिले के भद्रवाह में पहली बर्फबारी हुई है। इससे क्षेत्र में दो महीने से चल रहे शुष्क मौसम से राहत मि ...और पढ़ें

भद्रवाह में रविवार को बर्फबारी के बाद घूमने पहुंचीं पर्यटक l (जागरण फोटो)
भद्रवाह में रविवार को बर्फबारी के बाद घूमने पहुंचीं पर्यटक l (जागरण फोटो)

HighLights

  1. किश्तवाड़-अनंतनाग व सोनमर्ग-कारगिल मार्ग बंद
  2. मुगल रोड के पीर की गली में भी भारी हिमपात
  3. 30 नवंबर की रात से हल्की बारिश की संभावना

जागरण टीम, जम्मू/श्रीनगर। डोडा जिले में सुरम्य भद्रवाह के आसपास की पहाड़ियों पर शनिवार की रात को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। इससे इस क्षेत्र में पिछले लगभग दो महीनों से चल रहे शुष्क मौसम से राहत मिली है।

ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से पर्यटन से जुड़े लोगों और किसानों के चेहरे खिल गए। राजौरी, पुंछ, रामबन और किश्तवाड़ समेत जम्मू संभाग के कई ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में भी बर्फ गिरी है।

इस सप्ताह मौसम शुष्क रहने की उम्मीद

दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले को जम्मू संभाग के पुंछ और राजौरी जिले से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मुगल रोड के पीर की गली में भारी हिमपात हुआ। इससे इस मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया, लेकिन शाम तक बर्फ हटा ली गई और यातायात बहाल कर दिया गया।

उधर, बर्फ से फिसलन के कारण सोनमर्ग-कारगिल मार्ग और गुरेज-बांदीपोरा मार्ग अवरुद्ध है। किश्तवाड़-अनंतनाग मार्ग भी सिंथन टॉप में बर्फबारी से बंद हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से इस सप्ताह मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। 30 नवंबर की रात से एक दिसंबर की दोपहर तक हल्की बारिश होने की संभावना है। पांच दिसंबर तक मौसम आम तौर पर शुष्क और ठंडा ही रहेगा।

इन जगहों पर भी हुई बर्फबारी

पर्यटन स्थल गुलमर्ग समेत कश्मीर के अधिकतर ऊंचे इलाकों में रविवार को बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग में शनिवार शाम से ही बर्फबारी शुरू हो गई थी।

कुपवाड़ा जिले के मच्छल व करनाह और बांदीपोरा जिले के तुलैल में भी बर्फ गिरी। श्रीनगर और बड़गाम जिलों के कुछ हिस्सों सहित कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की वर्षा भी हुई है। मचेल के ऊपरी पहाड़ों पर भी काफी बर्फबारी हुई है।

यह भी पढ़ें- बर्फ के चलते अस्पताल नहीं पहुंच सकी गर्भवती, सड़क पर दिया बच्चे को जन्म, स्थानीय लोगों में रोष

इतना रहा तापमान

स्थान अधिकतम न्यूनतम

बनिहाल

19.0 3.7

बटोत

17.1 5.5

कटड़ा

22.8 12.5

भद्रवाह

14.6 4.3

श्रीनगर

13.7 4.8

पहलगाम

9.4 4.8

गुलमर्ग

3.0 -1.5

लेह

5.2 -7.2

जम्मू में पूरे दिन साफ रहा मौसम

जम्मू में रविवार को पूरे दिन मौसम साफ रहा और सभी क्षेत्रों में अच्छी धूप रही। उधर, हिमपात के चलते कश्मीर के कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान कुछ बढ़ गया। श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो साल के इस समय के लिए सामान्य है।

पिछले सप्ताह यह जमाव बिंदु से नीचे था। हालांकि, पहलगाम और गुलमर्ग में तापमान शून्य से नीचे ही रहा, लेकिन दोनों स्थानों पर यह सामान्य से ऊपर रहा। जम्मू का अधिकतम तापमान 27.4, न्यूनतम 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा।

यह भी पढ़ें- कश्मीर के पहाड़ों में हुई बर्फबारी, आज भी बारिश के आसार; इन इलाकों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करेगी सरकार