Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पांच दिन में 32 लोगों की मौत, जम्मू-कश्मीर में बारिश ने बरपाया कहर; वैष्णो देवी आए हजारों यात्री फंसे

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 08:34 AM (IST)

    जम्मू-कश्मीर में लगातार पांचवें दिन बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं, झेलम समेत कई नदियां खतरे के निशान पर हैं। बारिश और भूस्खलन से अब तक 32 लोगों की मौत ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. जम्मू-कश्मीर में पांचवें दिन भी जारी रही मूसलाधार बारिश।

    2. बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 32 लोगों की हुई मौत।

    3. वैष्णो देवी, अमरनाथ यात्राएं स्थगित, हजारों श्रद्धालु फंसे।

    जागरण टीम, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में वीरवार पांचवें दिन भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। मूसलाधार बारिश के कारण घाटी के कई हिस्सों में झेलम खतरे के निशान के ऊपर बह रही थी।

    इससे बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। वहीं, तवी, चिनाब, संगम, लिद्दर सहित अन्य नदी-नाले भी खतरे के निशान के पास या खतरे के ऊपर बह रहे हैं। कश्मीर के पंपोर में वीरवार की रात करीब 11 बजे झेलम 5.03 मीटर पर खतरे के निशान के ऊपर बह रही थी।

    बारिश के बाद नदियां उफान पर

    यहां बाढ़ की चेतावनी 4.5 मीटर पर दी जाती है, जबकि 5.0 मीटर पर खतरा है। इसी तरह रात नौ बजे राम मुंशी बाग में झेलम का जलस्तर बाढ़ की घोषणा वाले निशान से ऊपर चला गया।

    यहां झेलम का जलस्तर 18.04 फीट था, जो 18 फीट के बाढ़ घोषणा स्तर से अधिक था। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में संगम में रात नौ बजे झेलम का जलस्तर 20.24 फीट था, जबकि बाढ़ की घोषणा का निशान 21 फीट है।

    vaishno_devi_daeshak

    कश्मीर के बारामुला जिले में सुबह बादल फटने से अचानक आई बाढ़ से कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। इस बीच दोपहर बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को आंशिक तौर पर एकतरफा खोलकर रास्ते में फंसे हल्के वाहनों को निकाला गया।

    खबरें और भी

    हाईवे सहित 24 से ज्यादा सड़कें बंद

    लेकिन रात को ऊधमपुर के देवाल समरोली के पास दोबारा भारी भूस्खलन होने से हाईवे को बंद कर दिया गया। सड़क के कटाव के कारण दो दर्जन से अधिक अंतर-जिला सड़कें बंद पड़ी हैं।

    शाम को तवी नदी में अधिकतम जलस्तर नौ फीट तक रहा। कठुआ में सेवा व रावी नदी का जलस्तर बढ़ने की चेतावनी दी गई है। वहीं, खराब मौसम को देखते हुए कश्मीर विश्वविद्यालय ने 24 और 25 जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।

    vaishno_deviss

    लगातार हो रही भारी बारिश, बाढ़ व भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सोनमर्ग विकास प्राधिकरण ने थजीवास पर्यटन क्षेत्र को अगले दो दिन के लिए बंद कर दिया है। अरु घाटी और बेताव घाटी की यात्रा भी फिलहाल टालने की सलाह दी गई है।

    बारिश से 32 लोगों की मौत

    पिछले पांच दिन में बारिश और बाढ़ के कारण 32 लोगों की मौत हो चुकी है। सुरनकोट में फजलाबाद फुटब्रिज के पास तलाशी अभियान के दौरान 25 वर्षीय खालिदा कौसर पत्नी यासिर इकबाल निवासी मुराह गांव का शव मिला। वह गत 18 जुलाई की रात इलाके में आई बाढ़ में बहकर लापता थी।

    vaishno_devi_daeshak

    पुंछ और राजौरी में लापता सात लोगों की तलाश भी तेज की गई है। श्री अमरनाथ, वैष्णो देवी, शिवखोड़ी सहित अन्य प्रमुख धार्मिक यात्राएं स्थगित हैं। 6,000 से ज्यादा तीर्थयात्री जम्मू, कठुआ, सांबा, ऊधमपुर, रामबन और बनिहाल व अन्य जगहों पर रुके हुए हैं। शुक्रवार भी कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं।