Kal Ka Mausam: जम्मू संभाग में 5 दिन भारी, IMD का ऑरेंज अलर्ट, घर से निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर
जम्मू संभाग में 12 से 16 अगस्त तक भारी बारिश के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भूस्खलन, बादल फटने और अचानक बाढ़ का खतरा है। ...और पढ़ें

जम्मू में अगले 5 दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, रहें सावधान।
HighLights
जम्मू संभाग में 12-16 अगस्त तक ऑरेंज अलर्ट।
भूस्खलन, बादल फटने और बाढ़ का खतरा।
अनावश्यक यात्रा से बचें, सतर्क रहने की सलाह।
डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू में रहने वाले लोगों के लिए अगले कुछ दिन बेहद अहम हैं। अगर आपने कल यानी 12 अगस्त से बाहर निकलने का प्लान बनाया है, तो एक बार मौसम का हाल जरूर जान लीजिए। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जम्मू क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जो 12 से 16 अगस्त तक प्रभावी रहेगा।
मौसम विभाग की मानें तो यह सिर्फ सामान्य बारिश नहीं होगी। इस बार सिस्टम ज्यादा सक्रिय हो रहा है।
IMD सेंटर श्रीनगर के अनुसार, अभी तक जो गतिविधि येलो अलर्ट तक सीमित थी, वह अब कल यानी 12 अगस्त से ऑरेंज अलर्ट में बदल रही है। इसका मतलब है- खतरा थोड़ा ज्यादा है और सतर्कता बेहद जरूरी है।
12 से 16 अगस्त के बीच जम्मू संभाग के ज्यादातर हिस्सों में मौसम काफी व्यापक से लेकर व्यापक रहेगा। यानी कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश लगातार जारी रह सकती है, जबकि कुछ इलाकों में अचानक तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिलेगा।
इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा, बादल फटने की भी आशंका
विभाग ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि ऊंचाई वाले और संवेदनशील इलाकों में स्थिति ज्यादा बिगड़ सकती है। खासतौर पर चिनाब घाटी, जम्मू, उधमपुर, रियासी, राजौरी और पुंछ जिलों में तीव्र स्थानीय वर्षा और आइसोलेटेड क्लाउडबर्स्ट यानी बादल फटने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।
ऐसे में पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन, पहाड़ों से पत्थर गिरने (शूटिंग स्टोन्स) और निचले इलाकों में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का खतरा बना रहेगा। अगर आप इन इलाकों में रहते हैं या सफर करने वाले हैं, तो अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।
खबरें और भी
बारिश के बावजूद जम्मू शहर में गर्मी से पूरी राहत नहीं मिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन में हल्की बारिश और उसके बाद तेज धूप से उमस और घुटन बढ़ सकती है। इसलिए सेहत का भी ध्यान रखना जरूरी है।
अगर आप सफर पर हैं तो इन बातों का रखें खास ख्याल
प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी, नाले और नहरों के किनारे जाने से बिल्कुल बचें, पानी का स्तर अचानक बढ़ सकता है।
जम्मू-श्रीनगर हाईवे और अन्य पहाड़ी रास्तों पर फिसलन और पत्थर गिरने की घटनाएं आम हैं, रात के समय सफर बिल्कुल न करें।
कच्चे मकानों या भूस्खलन संभावित इलाके में रहने वाले लोग सतर्क रहें और प्रशासन के संपर्क में रहें। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अगली एडवाइजरी तक सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।