यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 20, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jammu-Kashmir Weather Update: भीषण ठंड और धुंध की चपेट में घाटी, पाइप में बहता पानी भी जमा; घने कोहरे के चलते सात उड़ानें रद
Jammu-Kashmir Weather Update कश्मीर में अगले सप्ताह हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। इससे उम्मीद है कि लंबे समय से जारी शुष्क दौर समाप्त हो ...और पढ़ें

HighLights
- कश्मीर में पाइपों से बहता पानी भी जमा
- अगले हफ्ते हिमपात के बने रहे आसार
- तीन दिन धूप में बड़ी राहत के बाद जम्मू में शुक्रवार को फिर घना कोहरा छा गया
जागरण संवाददाता, जम्मू/श्रीनगर। कश्मीर में अगले सप्ताह हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। इससे उम्मीद है कि लंबे समय से जारी शुष्क दौर समाप्त हो जाएगा। इधर, तीन दिन धूप में बड़ी राहत के बाद जम्मू में शुक्रवार को फिर घना कोहरा छा गया।
घाटी में कड़ाके की ठंड में कोई कमी नहीं
सुबह के समय हल्का कोहरा रहा, किंतु शाम को दृश्यता बेहद कम हो गई। घने कोहरे के चलते जम्मू आने वाली सात उड़ानें रद हो गईं। इनमें से चार उड़ानें श्रीनगर, दो दिल्ली और एक लेह से आनी थी। इन उड़ानों के रद होने से इनसे श्रीनगर, मुंबई और दिल्ली जाने वाले यात्री भी दरबदर हुए। इसके अलावा छह विमान देरी से जम्मू पहुंचे। शुष्क मौसम के बीच घाटी में कड़ाके की ठंड में कोई कमी नहीं हुई है।
पहलगाम में माइनस 6.3 डिग्री पहुंचा पारा
सभी स्थानों पर रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे बना रहा। पहलगाम माइनस 6.3 डिग्री सेल्सियस के साथ कश्मीर का सबसे ठंडा क्षेत्र बना रहा। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। धूप रहीं, किंतु ठंडी हवाओं ने परेशान किया। वहीं, जम्मू का अधिकतक तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार प्रदेश में 24 जनवरी तक शुष्क मौसम जारी रहेगा। इसके बाद बादल छाने लगेंगे।
पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी के आसार
25 जनवरी को जम्मू कश्मीर के ऊंचे इलाकों में अलग अलग स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। अगले दो दिन 26-28 जनवरी को भी जम्मू कश्मीर में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने के आसार बन रहे हैं। ऐसा मौसम 31 जनवरी तक बना रहने की उम्मीद भी जताई जा रही है। अलबत्ता, तब तक मौसम शुष्क ही रहेगा। जम्मू में फिर से कोहरा छाने से ठंड बढ़ गई है। ठिठुरन भी पहले से अधिक हो गई है।
खबरें और भी
यह विमान देरी से जम्मू एयरपोर्ट पहुंचे
छह विमान देरी से जम्मू पहुंचे। दिल्ली से आने वाला स्पाइसजेट का विमान चार घंटे 34 मिनट, इंडिगो का विमान 34 मिनट, इंदौर से आने वाला इंडिगो का विमान 33 मिनट, श्रीनगर से आने वाला स्पाइसजेट का विमान एक घंटा 40 मिनट, श्रीनगर से आने वाला इंडिगो का विमान 46 मिनट, मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान 40 मिनट देरी से जम्मू पहुंचा।
झेलम एक्सप्रेस छह घंटे, स्वराज एक्सप्रेस तीन घंटे, सियालदह एक्सप्रेस दो घंटे, टाटा मूरी दो घंटे, शालीमार एक्सप्रेस चार घंटे, उत्तर संपर्क क्रांति पांच घंटे, श्री शक्ति एक्सप्रेस तीन घंटे, हेमकुंड एक्सप्रेस तीन घंटे, अमरनाथ एक्सप्रेस सात घंटे और वंदे भारत एक्सप्रेस एक घंटे देरी से जम्मू पहुंची।