सीढ़ियों से गिरी थी नताशा, फिर छत पर कैसे मिला शव? जम्मू में 29 साल की युवती की मौत पर गहराया रहस्य
जम्मू के उदयवाला में 29 वर्षीय युवती नताशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर ज ...और पढ़ें

जम्मू के उदयवाला में 29 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
HighLights
उदयवाला में 29 वर्षीय नताशा की संदिग्ध मौत।
रिश्तेदारों ने हत्या की आशंका जताई, जांच की मांग।
पुलिस ने शव कब्जे में लिया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर के उदयवाला इलाके में 29 वर्षीय युवती नताशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं। नताशा की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके रिश्तेदार और परिचित मौके पर पहुंचे। वहां उन्हें बताया गया कि नताशा सीढ़ियों से गिर गई थी। हालांकि, घटना की परिस्थितियों को लेकर रिश्तेदारों व परिचितों ने संदेह जताया क्योंकि उसका शव घर की छत पर पड़ा मिला था। उधर नताशा की भाभी ने उसकी हत्या की आशंका जताई है।
नताशा की भाभी के अनुसार, पति की मौत के बाद उसे ननद नीतू और ननदोई दीपक ने कथित तौर पर घर से निकाल दिया था। नताशा भी उसकी ननद थी। उसे जब नताशा की मौत की जानकारी मिली तो वह उदयवाला पहुंची। वहां उसे बताया गया कि नताशा सीढ़ियों से गिर गई थी। हालांकि, भाभी ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए इसे संदिग्ध बताया और हत्या की आशंका जताई।
छत पर कई दिन से शव पड़े होने की चर्चा
जीएमसी के शवगृह में पहुंचे अन्य रिश्तेदारों के अनुसार, नताशा अपनी मां के साथ घर में रहती थी। उसकी मां के मानसिक रूप से बीमार होने की बात भी सामने आई है। रिश्तेदारों ने बताया कि नताशा के पिता की करीब एक वर्ष पहले मौत हो चुकी थी।
परिवार के भीतर नताशा क सौतेली बहन नीतू और उसके पति दीपक का प्रभाव होने की बात भी रिश्तेदारों ने कही है। दोनों त्रिकुटा नगर में रहते हैं।
मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की
रिश्तेदारों का कहना है कि पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उनका नताशा के घर में ज्यादा आना-जाना नहीं था और उन्हें उसकी रोजमर्रा की स्थिति की नियमित जानकारी नहीं मिल पाती थी। इसी बीच स्थानीय स्तर पर यह चर्चा सामने आई कि नताशा का शव घर की छत पर कई दिनों से पड़ा हुआ था।
खबरें और भी
यदि ऐसा है तो सवाल उठता है कि इतने दिनों तक इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों या आसपास के लोगों को क्यों नहीं हुई। रिश्तेदारों ने इसी आधार पर नताशा की मौत को लेकर गंभीर संदेह जताया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नताशा की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई तथा घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।