भारत-पाक सीमा पर ड्यूटी कर रही महिला BSF जवान को गोली लगी, गंभीर हालत में जम्मू लाई गईं; नहीं बची जान
भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुशील बॉर्डर बीएसएफ पोस्ट पर एक महिला जवान को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। गंभीर रूप ...और पढ़ें

सुशील बॉर्डर पोस्ट पर ड्यूटी के दौरान महिला जवान को लगी गोली।
HighLights
महिला जवान राजलक्ष्मी को सुशील बॉर्डर पोस्ट पर गोली लगी।
गोली छाती में लगी, गंभीर हालत में जम्मू रेफर किया गया।
अपनी सर्विस राइफल से गोली लगने की आशंका, जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, आरएसपुरा। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सुशील बॉर्डर बीएसएफ पोस्ट पर बुधवार दोपहर ड्यूटी के दौरान एक महिला जवान को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। बताया जा रहा है कि गोली जवान के सीने में लगी है।
घायल जवान की पहचान राजलक्ष्मी, 7वीं बटालियन बीएसएफ की जवान के रूप में हुई है। अस्पताल में उपचार करने वाले चिकित्सकों के अनुसार, गोली लगने के बाद जवान को बुधवार दोपहर गंभीर हालत में उपजिला अस्पताल आरएसपुरा लाया गया।
यहां चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जम्मू रेफर कर दिया गया। यहां उसकी मौत हो गई।
अपनी सर्विस राइफल से गोली लगने की बात
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवान को उसकी अपनी सर्विस राइफल से गोली लगने की बात सामने आ रही है। हालांकि, यह गोली उसने खुद चलाई या घटना किस परिस्थिति में हुई, इसकी अभी बीएसएफ अथवा किसी अन्य अधिकारी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के कारणों को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सुशील बॉर्डर पोस्ट पर तैनात थी राजलक्ष्मी
बताया जा रहा है कि राजलक्ष्मी वर्तमान में सुशील बॉर्डर पोस्ट पर तैनात थी और घटना के समय ड्यूटी पर थी। वह तमिलनाडु की रहने वाली बताई जा रही है।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दी है। बीएसएफ अधिकारियों की ओर से फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
