Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू-कश्मीर के सरकारी स्कूलों में नया नियम, दिन में दो बार लगेगी हाजिरी; शिक्षा विभाग का सख्त आदेश

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 12:42 PM (IST)

    जम्मू-कश्मीर के सरकारी स्कूलों में अब छात्रों की दिन में दो बार हाजिरी होगी, जिसमें डिजिटल अटेंडेंस से पहले भौतिक सत्यापन अनिवार्य है। ...और पढ़ें

    दिन में दो बार लगेगी हाजिरी (फाइल फोटो)

    दिन में दो बार लगेगी हाजिरी (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, जम्मू। स्कूल शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति व्यवस्था को सख्त करते हुए डिजिटल अटेंडेंस दर्ज करने से पहले प्रत्येक छात्र की भौतिक मौजूदगी सुनिश्चित करना अनिवार्य कर दिया है।

    इस संबंध में विभाग ने सर्कुलर जारी कर स्कूलों में औचक निरीक्षण और मैनुअल तथा डिजिटल उपस्थिति के नियमित मिलान के निर्देश दिए हैं। सर्कुलर के अनुसार, शिक्षक कक्षा में प्रत्येक विद्यार्थी की वास्तविक मौजूदगी की पुष्टि करने के बाद ही जेके स्मार्ट अटेंडेंस एप्लीकेशन पर डिजिटल उपस्थिति दर्ज करेंगे।

    बिना भौतिक सत्यापन के डिजिटल हाजिरी दर्ज नहीं की जा सकेगी। स्कूलों को प्रत्येक कक्षा के लिए मैनुअल उपस्थिति रजिस्टर बनाए रखने और विद्यार्थियों की हाजिरी दिन में दो बार दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

    पहली उपस्थिति स्कूल शुरू होने के समय और दूसरी छुट्टी से पहले दर्ज की जाएगी। यदि दोनों रिकार्ड में कोई अंतर पाया जाता है, तो संबंधित प्रधानाध्यापक या प्रमुख संस्था को इसकी जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करनी होगी।

    विभाग ने संस्थान प्रमुखों को उपस्थिति रिकार्ड की शुद्धता और विश्वसनीयता के लिए जिम्मेदार बनाया है। उन्हें मैनुअल और डिजिटल दोनों रिकार्ड की औचक जांच भी करनी होगी। क्लस्टर हेड, जोनल एजुकेशन आफिसर और चीफ एजुकेशन आफिसर को भी नियमित एवं औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

    जिन स्कूलों में उपस्थिति के असामान्य पैटर्न सामने आएंगे, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि उपस्थिति में जानबूझकर हेरफेर को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना जाएगा, जिसके लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। यह नई व्यवस्था जम्मू-कश्मीर के सभी सरकारी स्कूलों पर लागू होगी।