विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांगड़ा के ट्रक ड्राइवर ने अम्ब में दुकान का ताला तोड़कर चुराया कीमती सामान, पूरी वारदात CCTV में कैद

By Ajay Kumar Tabyal Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 05 Apr 2026 01:38 PM (IST)

ऊना जिले के अंब में एक दुकान से हजारों रुपये के औजार चोरी हो गए। नैहरियां रोड पर स्थित ट्रक ...और पढ़ें

ऊना के अम्ब में ट्रक ड्राइवर ने सड़क किनारे दुकान के ताले तोड़कर सामान चुराया। प्रतीकात्मक फोटो

ऊना के अम्ब में ट्रक ड्राइवर ने सड़क किनारे दुकान के ताले तोड़कर सामान चुराया। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. ऊना के अंब में दुकान से हजारों के औजार चोरी।

  2. सीसीटीवी फुटेज से कांगड़ा निवासी ट्रक चालक की पहचान।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, गिरफ्तारी जल्द।

संवाद सहयोगी, अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में एक चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। ऊना में कस्बा अंब के नैहरियां रोड पर एक ट्रक चालक ने दुकान के ताले तोड़कर हजारों रुपये के औजार चोरी कर लिए। आरोपित की पहचान सीसीटीवी फुटेज की मदद से हुई है। ट्रक चालक अमित कुमार निवासी अलोह, तहसील रक्कड़ जिला कांगड़ा का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गाड़ियां रिपेयर करने की दुकान

पुलिस को दी गई शिकायत में अश्वनी कुमार निवासी गांव अंदौरा ने बताया कि अंब के नैहरियां रोड पर पेट्रोल पंप के समीप उसकी ट्रक व गाड़ियां रिपेयर करने की खोखानुमा दुकान है। 

दो दिन बाद दुकान खोली तो गायब था सामान

दुकानदार 31 मार्च की शाम अपनी दुकान बंद कर घर गया था। अगले दिन 1 अप्रैल को उसकी माता की धर्मशांति का कार्यक्रम होने के कारण वह दुकान पर नहीं आ सका। जब 2 अप्रैल की सुबह उसने दुकान खोली तो उसके होश उड़ गए। दुकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर से सारा कीमती सामान गायब था। 

आठ जैक सहित अन्य सामान चुराया

शातिर चोर दुकान से 4 छोटे व 4 बड़े जैक, टायर राड और चाबी पाने सहित अन्य औजार चुरा ले गए। चोरी की शिकायत मिलने पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। 

पेट्रोल पंप की सीसीटीवी फुटेज में सामने आया चोर

पुलिस ने जब घटनास्थल के पास स्थित पेट्रोल पंप और रेस्ट हाउस के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसी रात एक ट्रक संदिग्ध हालत में वहां खड़ा नजर आया। फुटेज की बारीकी से जांच करने पर ट्रक चालक की पहचान आरोपित अमित कुमार के रूप में हुई।

क्या कहते हैं डीएसपी

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित ट्रक चालक केस दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: कुल्लू हादसा: 'उतराई पर अचानक गाड़ी के ब्रेक ने काम करना छोड़ा और...', ड्राइवर ने बताई हकीकत