ऊना बस स्टैंड पर बवाल: HRTC और प्राइवेट बसों के ड्राइवर-कंडक्टर्स में चले लात-घूंसे, अड्डे पर मची अफरा-तफरी
ऊना बस स्टैंड पर बुधवार सुबह एचआरटीसी और निजी बस चालकों-परिचालकों के बीच बसों की टाइमिंग को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया।
HighLights
ऊना बस स्टैंड पर एचआरटीसी-निजी बस चालकों में विवाद।
बसों की टाइमिंग को लेकर हुई जमकर मारपीट।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, ऊना। हिमाचल प्रदेश में ऊना बस स्टैंड पर बुधवार सुबह बवाल हो गया। आईएसबीटी ऊना में एचआरटीसी और निजी बस चालक और परिचालकों के बीच किसी बात लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना के बाद बस अड्डे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। वहीं बस अड्डे में जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई।
पुलिस मौके पर पहुंची
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही मारपीट के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ होगी।
...और बढ़ गया मामला
बताया जा रहा है बसों की टाइमिंग को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जिसमें कई बसों के ड्राइवर और कंडक्टर कूद पड़े। मामला बढ़ गया व सरकारी और प्राइवेट बस ड्राइवर-कंडक्टर आमने-सामने आ गए।
यात्री हुए परेशान
इस सब के बीच सुबह अपने गंतव्य पर निकली सवारियां बेहद परेशान हुईं। काफी देर तक बस अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ड्राइवर बसें खड़ी कर उलझ पड़े, इस कारण अड्डे पर बसों का जमावड़ा लग गया।
