शादी से इन्कार करने पर गला दबाकर मार डाली युवती, खुद भी लगा लिया फंदा; सोलन के जंगल में मिले थे दोनों के शव
सोलन जिले में एक युवक-युवती की मौत का खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, युवक ने शादी से इनकार करने पर युवती यशिका लामा का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।

सोलन में युवक युवती की मौत मामले में राज खुल गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
युवक ने शादी से इनकार पर युवती की हत्या की।
हत्या के बाद युवक ने खुद भी आत्महत्या कर ली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या-आत्महत्या की पुष्टि की।
जागरण संवाददाता, सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में गत सप्ताह युवक-युवती की मौत मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। परवाणू थाना क्षेत्र के तहत भोजनगर गांव के समीप करालघाट के जंगल में मिले युवक और युवती के शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का है।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपित युवक युवती पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था, जबकि युवती इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थी। 16 मार्च को युवक ने युवती को मिलने के लिए बुलाया और दोनों करालघाट के जंगल में पहुंचे। यहां दोनों के बीच शादी को लेकर बहस हुई, जो विवाद में बदल गई।
युवती का गला दबाकर हत्या के बाद दे दी जान
जांच में सामने आया है कि जब युवती ने शादी से इन्कार कर दिया, तो गुस्से में आकर युवक ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने खुद भी पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है।
वाहन चालक ने देखे थे शव
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब एक वाहन चालक ने जंगल के पास से गुजरते हुए दोनों शवों को देखा। बताया जा रहा है कि चालक करालघाट देवता के मंदिर गया था और लौटते समय उसकी नजर जंगल में पड़ी लाशों पर गई। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा और भोजनगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जिसके आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी गईं।
मृतकों की पहचान 22 वर्षीय कर्ण, निवासी खील को मोड़ (पडगयानी) और 20 वर्षीय यशिका लामा, निवासी नेपाल के रूप में हुई है। युवती वर्तमान में देउंघाट स्थित गौतम बुद्ध विहार में रह रही थी।

