विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बद्दी परफ्यूम फैक्ट्री अग्निकांड के बीते चार दिन...अब भी छह लोगों का नहीं मिला सुराग; अपनों के मिलने की आस में स्वजन

Updated: Mon, 05 Feb 2024 10:46 AM (IST)

Baddi Fire Factory News हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला स्थित बरोटीवाला में परफ्यूम बनाने वाले एनआर अरोमा फैक्ट्री में अग्निकांड के चौथे दिन भी लापता छह कर ...और पढ़ें

बद्दी परफ्यूम फैक्ट्री अग्निकांड के बीते चार दिन...अब भी छह लोगों का नहीं मिला सुराग
बद्दी परफ्यूम फैक्ट्री अग्निकांड के बीते चार दिन...अब भी छह लोगों का नहीं मिला सुराग

HighLights

  1. बद्दी परफ्यूम फैक्ट्री अग्निकांड के बीते तीन दिन
  2. अब भी छह लोगों का नहीं मिला सुराग
  3. अपनों के मिलने की आस में स्वजन

जागरण संवाददाता, बद्दी। Baddi Fire Factory News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला स्थित बरोटीवाला में परफ्यूम बनाने वाले एनआर अरोमा फैक्ट्री में अग्निकांड के चौथे दिन भी लापता छह कर्मचारियों का पता नहीं चला पाया।

रविवार को एक और कर्मचारी के लापता होने की सूचना मिली है। तलाशी अभियान के दौरान किसी के शव का अवशेष मिला है। आशंका है कि शनिवार को जिन चार महिला कर्मचारियों के शव निकाले थे, इन्हीं में से किसी के शरीर का हिस्सा हो सकता है।

बाथरूम में मिला शव का अवशेष

शव का अवशेष उसी बाथरूम में मिला है, जहां चार शव मिले थे। अग्निकांड में पांच महिला कर्मचारियों की मौत हो चुकी है। इनमें अधिकतर उत्तर प्रदेश की हैं।

उद्योग में रविवार को भी आग सुलग उठी, जिसे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने बुझाया। एनडीआरएफ की टीम ने रविवार सुबह से कई बार तलाशी अभियान चलाया। उद्योग में शुक्रवार दोपहर को आग लगी थी।

मृतकों के स्वजनों को नहीं दी गई राशि

अग्निकांड में घायल चार लोगों को उपचार के बाद घर भेज दिया है। घायलों में चार पीजीआई चंडीगढ़, 19 नालागढ़ अस्पताल, पांच ब्रूकलिन अस्पताल बरोटीवाला व चार ईएसआइसी अस्पताल काठा में भर्ती किए गए हैं। प्रशासन की तरफ से 28 घायलों को फौरी राहत के रूप में पांच-पांच हजार रुपये दिए हैं, जबकि मृतकों के स्वजन को अभी राशि दी जानी शेष है।

पीजीआई चंडीगढ़ में महिला ने तोड़ा दम

शुक्रवार शाम सोलन के मखनुमाजरा की पिंकी ने पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ा था। शनिवार को निकाले तीन शवों की पहचान हो गई है। इनमें शशि पुत्री नरेश, गांव कतिया केसर, डाकखाना रसूला, जिला बदायूं, रेहनुमा पुत्री कमलु निवासी मिलकसुदन, जिला बरेली व राखी पुत्री प्रेम सिंह गांव सरे सिकंदर, जिला संबल (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। एक शव की पहचान नहीं हो पाई है।

इनका नहीं लगा पता

काजल पुत्री राजबीर, मोहल्ला रूडी कानपट्टी गुमानसिंह, बदायूं। काजल भारती पुत्री बलिराम प्रसाद, गांव पपौर रामकोला, कुशीनगर। सोनी पुत्री दयाराम सिंह, निवासी मकनपुर, सरकरा कमल, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश। कल्पना अहिरवा पुत्री कैलाश , वार्ड नंबर छह, डाकघर नयाताल बिजावर, जिला छत्ररपुर, मध्य प्रदेश। चंपा पत्नी सर्वदयाल, गांव बरोह, डाकखाना कांडला, चंबा। बिहार निवासी विजय दूबे भी लापता बताया जा रहा है।

प्लांट मैनेजर का सहयोगी गिरफ्तार

एसपी एसपी बद्दी इल्मा अफरोज ने बताया कि प्लांट मैनेजर चंद्रशेखर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जांच के उपरांत उसके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार कर लिया है। विनोद कुमार को पूछताछ के उपरांत गिरफ्तार किया है, जिसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। लापता लोगों की सूची में एक अन्य युवक का नाम भी दर्ज किया गया ।

यह भी पढ़ें- Baddi Factory Fire: परफ्यूम फैक्‍ट्री अग्निकांड कोई पहली घटना नहीं... पहले भी आग की लपटों में जल उठी हैं ये बड़ी फैक्ट्रियां

लोगों को रोकने के लिए लगाने पड़े बैरिकेड

रविवार को जब एनडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन बंद कर दिया तो लोग में आक्रोशित हो गए। लोग स्वयं अंदर जाने लगे। इन्हें रोकने के लिए पुलिस को बैरिकेड लगाने पड़े और 50 मीटर दूर रोक दिया।

कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया था, लेकिन एसपी बद्दी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और खुद एक टीम लेकर अंदर दोबारा सर्च आपरेशन शुरू किया, हालांकि इस दौरान एक महिला कामगार के शरीर का एक छोटा हिस्सा अंदर मिला, जिसे एंबुलेंस से नालागढ़ अस्पताल भेजा गया है।

यह भी पढ़ें- बद्दी परफ्यूम फैक्ट्री अग्निकांड से खौल रहा लोगों का खून, मारे गए और घायलों को मुआवजा देने की मांग की; हादसे में गई पांच की जान