पुलिस कर्मचारी को धक्का देकर फरार हो गया नशा तस्करी का आरोपित, SP सिरमौर ने सस्पेंड किया लापरवाह जवान
सिरमौर में एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपित अब्दुल माजिद ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। मुजफ्फरनगर से लाए गए आरोपित ने नाहन में पुलिसकर्मी को धक्क ...और पढ़ें

एसपी सिरमौर ने पुलिस हिरासत से आरोपित के भागने पर कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
आरोपित अब्दुल माजिद पुलिस हिरासत से फरार हुआ।
नाहन पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोबारा पकड़ा।
लापरवाह पुलिस कांस्टेबल को एसपी ने निलंबित किया।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में एक आरोपित पुलिस को धक्का देकर फरार हो गया। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिला से एनडीपीएस एक्ट में नाहन पुलिस एक आरोपित को पकड़ कर लाई थी। उसे कोर्ट के आदेश पर दोबारा कच्चा टैंक पुलिस चौकी ले जाया जा रहा था, इस दौरान आरोपित पुलिस कर्मचारियों को धक्का देकर मौके से फरार हो गया।
हालांकि, नाहन पुलिस ने मौके पर ही चारों तरफ नाके बंदी कर कुछ ही देर में आरोपित को पकड़ लिया। लेकिन इस सब के बीच पुलिस की खूब किरकिरी हो गई।
पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीमें रवाना कर दीं। कुछ ही घंटो में आरोपित को बस स्टैंड के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया गया, जहां वह छिपा हुआ था। आशंका जाहिर की जा रही है कि वो अंधेरा होने का इंतजार कर रहा था।
इस मामले में लापरवाही बरताने वाले पुलिस कर्मचारी को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है।
2024 में दर्ज किया था नशा तस्करी का मामला
बता दें कि पुलिस थाना सदर नाहन में 15 जुलाई 2024 को आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। करीब डेढ़ साल से आरोपित 24 वर्षीय अब्दुल माजिद पुत्र साजिद निवासी छटेला, पोस्ट ऑफिस जसौई, तहसील व थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश पुलिस के काबू नहीं आ रहा था।
पुलिस ने घर से गिरफ्तार किया
पुलिस ने 5 मार्च 2026 को उसे घर से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे अगले दिन अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपित को 10 मार्च 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। इसी दौरान वापस ले जाते वक्त एक पुलिस कांस्टेबल को धक्का दिया और हिरासत से फरार हो गया।
पुलिस ने एक और मामला किया दर्ज
वहीं, फरार आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है। उधर जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।