Himachal Weather 11th August: हिमाचल में भारी मानसून का कहर, 106 सड़कें ठप; आज कई जिलों में बारिश की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, भूस्खलन के कारण 106 सड़कें बंद हैं और बिजली-पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। ...और पढ़ें

हिमाचल में बारिश का दौर जारी है।
HighLights
हिमाचल में भारी वर्षा से 106 सड़कें ठप।
बिजली और पेयजल व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित।
मौसम विभाग ने 18 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी दी।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही वर्षा से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मलबे के कारण 106 सड़कें बंद हैं। वहीं बिजली और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।
वर्षा के कारण कुल्लू जिले में सबसे ज्यादा 40 सड़कें और मंडी जिले में 38 सड़कें बंद पड़ी हैं। मंडी में 63 बिजली के ट्रांसफार्मर ठप होने से कई क्षेत्र अंधेरे में डूबे हैं, जबकि शिमला जिले में 12 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 11 अगस्त को बिलासपुर, कांगड़ा, सिरमौर, चंबा, हमीरपुर, मंडी, शिमला और ऊना में बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को नदियों और नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में रविवार देर राहत और सोमवार सुबह के समय अधिक वर्षा हुई। जबकि दिन के समय हल्की वर्षा हुई। प्रदेश में बीते चौबीस घंटों के दौरान धर्मशाला में सर्वाधिक 61 मिलीमीटर, अर्की में 55, पांवटा साहिब में 43.8 और राजधानी शिमला में 40.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केद्र द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 18 अगस्त तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावअ बिलासपुर और सोलन में 3.5 डिग्री की, शिमला, मंडी में तीन डिग्री जबकि बाकी स्थानों पर एक से दो डिग्री की गिरावट आई है।