विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Himachal Weather: हिमाचल में कई जगहों पर गिरे बर्फ के फाहे, पर्यटकों के खिले चेहरे

Updated: Sun, 17 Nov 2024 08:31 AM (IST)

Snowfall in Himachal हिमाचल प्रदेश में शनिवार को ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ जिससे ठंड बढ़ गई है। रोहतांग कुंजुम शिंकुला और बारालाचा दर्रे में बर्फ के ...और पढ़ें

कुंजुम, रोहतांग व शिंकुला दर्रे में हिमपात, बढ़ी ठंड (फाइल फोटो)
कुंजुम, रोहतांग व शिंकुला दर्रे में हिमपात, बढ़ी ठंड (फाइल फोटो)

HighLights

  1. बिलासपुर, मंडी, ऊना में घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी
  2. प्रदेश में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में आई गिरावट

राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में शनिवार को ऊंची चोटियों पर हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है। रोहतांग, कुंजुम, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में बर्फ के फाहे गिरे हैं। जबकि अन्य स्थानों पर हल्के बादल और धूप खिली रही। मौसम विभाग ने बिलासपुर, मंडी, ऊना व कई अन्य स्थानों पर सुबह व शाम घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार से मौसम के साफ रहने का अनुमान है।

जारी है शुष्क ठंड का सिलसिला

प्रदेश में दो माह से वर्षा न होने के कारण रबी की फसलों की बिजाई नहीं हो सकी है और शुष्क ठंड का सिलसिला जारी है। लगातार सूखे और बढ़ते प्रदूषण के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में वायु प्रदूषण काफी बढ़ा हुआ है। बद्दी के अलावा अन्य जिलों में सुधार हो रहा है। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री जबकि अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट आई है।

शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक

शहर एक्यूआई
शिमला 45
धर्मशाला 70
मनाली 27
सुंंदरनगर 40
ऊना 92
परवाणू 90
पांवटा साहिब 111
कालअंब 109
बद्दी 319
नालागढ़ 134

बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों को राहत

लंबे अरसे बाद आखिर मौसम ने करवट बदल ही ली। शनिवार को रोहतांग सहित शिंकुला व बारालाचा दर्रे में बर्फ के फाहे गिरे हैं। बादल छाने से रोहतांग के निकटवर्ती स्थलों में भी हिमपात की उम्मीद बढ़ गई है। लम्बे समय से सूखे की मार झेल रहे किसानों व पर्यटन कारोबारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- '5 साल तक लिया सुविधाओं का लाभ और अब....', CPS एक्ट पर बीजेपी के रिएक्शन से भड़की कांग्रेस

मौसम की मेहरबानी से पर्यटक उत्साहित

शनिवार को बर्फ की उम्मीद लिए रोहतांग दर्रे में कई पर्यटक वाहन पहुंचे। बर्फ के दीदार न होने से उन्हें निराशा हुई लेकिन ठंडा मौसम देख पर्यटक खासे उत्साहित हुए। पर्यटकों के लौटने के बाद देर शाम को मौसम मेहरबान हुआ और दर्रे में बर्फ के फाहे गिरे। शनिवार को शिंकुला व बारालाचा दर्रे में बर्फ के फाहे गिरे लेकिन लेह लद्दाख सहित जंस्कार घाटी की ओर वाहनों की आवाजाही सुचारू रही।

पर्यटन कारोबारियों ने बताई ये बात

रोहतांग के पर्यटन कारोबारी वेद राम, कमलेश व तुला ने बताया कि शनिवार देर शाम को दर्रे में बर्फ के फाहे गिरे। उन्होंने बताया कि रोहतांग दर्रे में भारी हिमपात की उम्मीद बढ़ी है। होटल एसोसिएशन मनाली के उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि मौसम के करवट बदलने से पर्यटन कारोबारियों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि देश भर के पर्यटक मनाली में हिमपात होने का इंतजार कर रहे हैं। हिमपात होने की सूरत में यहां पर्यटकों का सैलाब उमड़ेगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में तीन नगर निगम और बनेंगी, दिव्यांग महिलाओं को घर बनाने के लिए मिलेंगे 3 लाख; पढ़ें कैबिनेट के अहम फैसले