हिमाचल विधानसभा: सुधीर शर्मा के प्रश्न का जवाब न मिलने पर विपक्ष का हंगामा, CM बोले- कोई सूचना नहीं छिपाना चाहते
हिमाचल विधानसभा में स्थगित प्रश्नों के जवाब न मिलने पर विपक्ष ने हंगामा किया, खासकर सुधीर शर्मा के सीएम सुक्खू ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के सवाल का जवाब देते सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू।
HighLights
स्थगित प्रश्नों के जवाब न मिलने पर हिमाचल विधानसभा में हंगामा।
सुधीर शर्मा के सीएम सुक्खू के उद्घाटन संबंधी सवाल पर विवाद।
सीएम सुक्खू ने शीतकालीन सत्र में सभी जानकारी देने का आश्वासन।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बुधवार को स्थगित प्रश्नों का मानसून सत्र में जवाब न मिलने पर विपक्ष बिफर गया। बार-बार सवाल लगने के बाद भी सूचना एकत्र न होने पर विधायक सुधीर शर्मा ने तो यहां तक कह दिया कि जो प्रश्न उन्होंने किया है, उसके उत्तर के कुछ भाग अन्य सवालों में आ चुके हैं और जो बाकी जानकारी मांगी है, उसका सरकार ने जब जवाब ही नहीं देना है तो उनके प्रश्न को विलोप कर दिया जाए।
सूचना जुटाना पांच मिनट काम : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आखिर सरकार सवालों के जवाब देने से क्यों कतरा रही है। उन्होंने कहा कि विधायकों को सूचना से वंचित रखना भी अपराध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के उद्घाटन, शिलान्यास के कार्यक्रम का पूरा रिकॉर्ड होता है और इसकी सूचना एकत्र करना महज पांच मिनट का काम है। उन्होंने कहा कि विधायकों को जब सदन में सूचना नहीं मिलेगी तो वे कहां से सूचना प्राप्त करेंगे।
प्रश्न इतना जटिल नहीं : परमार
भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि यह प्रश्न इतना जटिल नहीं है कि तीन सत्रों से इसकी सूचना एकत्रित ही न की जा सके।
सूचना छिपाना नहीं चाहते : सीएम
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार कोई भी सूचना छिपाना नहीं चाहती। सरकार शीतकालीन या फिर मार्च में बजट सत्र में सारी जानकारी उपलब्ध करवा देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पूर्व सरकार से अधिक नौकरियां भी दी हैं और शिलान्यास तथा उद्घाटन भी किए हैं।
सुधीर ने पूछा है यह सवाल
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने सीएम सुक्खू की ओर से कितने उद्घाटन और शिलान्यास किए गए हैं व कब-कब किए गए हैं, इसको लेकर सवाल पूछा है।
कसौली में जाईका के कार्य में कोताही की होगी जांच
उधर, कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र में जाईका के तहत कूहलों के निर्माण में बरती गई कोताही की जांच होगी और विभाग से एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी जाएगी। वह विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान विधायक विनोद सुल्तानपुरी के सवाल का जवाब दे रहे थे। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि कसौली में छह सिंचाई योजनाओं पर कार्य हुआ है और 4.95 करोड़ रुपये खर्च होना है। ये नई कूहलें नहीं, बल्कि पुरानी हैं और इन्हें फिर से तैयार किया जा रहा है।
इससे पहले, विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि जाईका के तहत काम किस प्रकार किए जाते हैं और इसमें हो रहे कार्यों की पारदर्शिता कैसे बनाई रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि कोटबेजा और अन्य पंचायतों में इसके तहत हो रहे कार्य ठीक नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसमें क्वालिटी निम्न स्तर की है और छह में से कोई भी पूरी नहीं हुई है।
