Himachal Snowfall: लाहुल की स्पीति घाटी में भारी बर्फबारी, काजा में सीजन का पहला हिमपात; टूरिस्ट के लिए एडवायजरी
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है, लाहुल-स्पीति के काजा में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। हिमपात से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
HighLights
लाहुल-स्पीति के काजा में सीजन की पहली बर्फबारी हुई।
हिमपात से तापमान में 10-11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।
पर्यटकों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सावधानी से सफर की सलाह।
जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। लाहुल-स्पीति के काजा में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। स्पीति की पिन व लोसर घाटी में चार इंच से अधिक हिमपात हुआ है। स्पीति सहित लाहुल व मनाली की सभी ऊंची चोटियों में हिमपात हुआ है। सुबह के समय स्पीति में जबकि शाम के समय लाहुल व मनाली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ के फाहे गिरे। पुलिस प्रशासन ने मौसम के हालात देखकर ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सफर की सलाह दी है।
हिमपात से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को स्पीति घाटी में हिमपात के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित रही, जबकि लाहुल घाटी के सभी दर्रे यातायात के लिए बहाल रहे।
बर्फबारी के कारण लोसर, काजा, ताबो और कल्पा समेत कई इलाकों के अधिकतम तापमान में 10 से 11 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।
शिमला से काजा का सफर जोखिम भरा
इन दिनों शिमला से कल्पा, समदो और काजा होते हुए कुंजम पास से मनाली आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, जिनमें पश्चिम बंगाल के पर्यटक अधिक हैं। हल्के हिमपात के बीच वाहनों की आवाजाही फिलहाल सुचारू है, लेकिन खतरा बढ़ गया है।
29 सितंबर तक तेवर दिखाएगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 29 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और खराब मौसम का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि शिंकुला और बारालाचा दर्रे में फिलहाल धूप खिली है, लेकिन शाम तक इन क्षेत्रों में भी हिमपात की संभावना जताई जा रही है।
पर्यटकों के लिए एडवायजरी
डीएसपी केलंग केडी शर्मा ने बताया कि सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अब कभी भी भारी बर्फबारी हो सकती है। उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया कि मौसम के हालत को देखकर ही दर्रे पर सफर करें।
बर्फबारी से पर्यटन कारोबारी चहके
होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि हिमपात से पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि दशहरा व दिवाली सीजन की तैयारी चल रही है। इस बार त्योहारी सीजन में कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद है।
