Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल प्रदेश में ई-केवाईसी में खुली फर्जी पेंशनरों की पोल, 1.28 लाख खाते किए बंद; 44 हजार मृतक भी ले रहे थे लाभ

    By Yadvinder Sharma Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Mon, 09 Mar 2026 11:12 AM (IST)

    हिमाचल प्रदेश में ई-केवाईसी अभियान के तहत 1.28 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन खाते बंद किए गए हैं। जांच में 44 हजार मृत लाभार्थियों को पेंशन मिलती पाई गई, ...और पढ़ें

    हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों के खाते बंद किए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

    हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों के खाते बंद किए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. 1.28 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन खाते बंद किए गए।

    2. 44 हजार मृत लाभार्थियों को मिलती थी पेंशन।

    3. ई-केवाईसी से पेंशन प्रणाली में पारदर्शिता आई।

    यादवेन्द्र शर्मा, शिमला। हिमाचल प्रदेश में 1.28 लाख लोगों के सामाजिक सुरक्षा पेंशन खाते बंद कर दिए गए हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत चलाए गए ई-केवाईसी अभियान ने कई गंभीर मुद्दों को उजागर किया है। विभाग की जांच में यह सामने आया कि 44 हजार मृत लाभार्थियों के खाते में पेंशन का भुगतान किया जा रहा था। ई-केवाईसी प्रक्रिया के बाद उनके नामों को सूची से हटा दिया गया है।

    इसके अतिरिक्त, लगभग 6,000 लाभार्थी अपात्र पाए गए हैं, जिनकी पेंशन अब बंद कर दी गई है। इसके अलावा, 47 हजार से अधिक लाभार्थियों के पेंशन खाते ई-केवाईसी न करवाने के कारण भी बंद किए गए हैं। इस प्रकार, कुल मिलाकर 1.28 लाख लोगों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन को समाप्त कर दिया गया है। 

    पिछले साल कितनों को मिल रही थी पेंशन

    प्रदेश में जुलाई 2025 तक 8.11 लाख लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल रहा था। ई-केवाईसी की शुरुआत के बाद अपात्र और मृतकों को सूची से हटाया गया। विभिन्न प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जो 1000 रुपये से 1700 रुपये तक की मासिक पेंशन है, त्रैमासिक आधार पर लाभार्थियों के खातों में डाली जा रही है।

    सरकार ने क्यों करवाई ई-केवाईसी

    ई-केवाईसी का मुख्य उद्देश्य पेंशन प्रणाली को पारदर्शी बनाना और वास्तविक जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाना है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के भुगतान के लिए एक नया डिस्बर्समेंट पोर्टल सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विकसित किया गया है, जिसका परीक्षण सफलतापूर्वक किया जा चुका है। 2026 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) की पेंशन नए साफ्टवेयर के माध्यम से जारी की जाएगी। 

    मृतकों, अपात्रों और ई-केवाईसी न करवाने वालों के पेंशन खाते बंद कर दिए गए हैं। ई-केवाईसी करवाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था।
    -गोकुल बुटेल, प्रधान सलाहकार मुख्यमंत्री (आइटी) हिमाचल प्रदेश।

    प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन श्रेणी

    • श्रेणी        राशि प्रतिमाह
    • वृद्धावस्था पेंशन    1000-1700
    • महिला, एकल नारी    1500
    • दिव्यांग पेंशन    1150-1700

    यह भी पढ़ें: हिमाचल में महिलाओं को सरकारी नौकरी में मिलेगा 25% कोटा, CM की नाहन में बड़ी घोषणा; महिला सम्मान राशि दोगुनी की 

    खबरें और भी