विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में 84 नई पंचायतें बनाने की अधिसूचना जारी, 30 दिन में कैसे पूरी होगी चुनावी प्रक्रिया और रोस्टर?

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Updated: Mon, 02 Mar 2026 11:08 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में 84 नई पंचायतों के गठन की अधिसूचना जारी हुई है, जिससे कुल संख्या 3704 तक पहुंच सकती है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 31 मई से पहले चुनाव कराने हैं, जिसके लिए 30 दिनों में गठन, सीमांकन, आपत्तियों का निपटारा और आरक्षण रोस्टर तय करना बड़ी चुनौती है।

हिमाचल प्रदेश चुनावी प्रक्रिया के बीच 84 नई पंचायतों का गठन होगा। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल प्रदेश चुनावी प्रक्रिया के बीच 84 नई पंचायतों का गठन होगा। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. 84 नई पंचायतों के गठन की अधिसूचना जारी हुई।

  2. सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर 31 मई तक चुनाव।

  3. 30 दिन में चुनावी प्रक्रिया पूरी करना बड़ी चुनौती।

यादवेन्द्र शर्मा, शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत और नगर निकाय चुनाव 31 मई से पहले करवाने और 31 मार्च तक चुनावी प्रक्रियाएं पूर्ण करने के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बीच नई पंचायतों के गठन की प्रक्रिया जारी है। प्रदेश में 43 नई पंचायतों के गठन के बाद अब रविवार को पंचायती राज विभाग ने 84 नई पंचायत के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके लिए तीन दिन में आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं।

तो 3704 हो जाएंगी पंचायतें

आपत्ति और सुझाव के बाद नई पंचायत की अंतिम अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। इसके साथ ही नई पंचायत के गठन पर रोक लगा दी गई है। मंत्रियों और विधायकों की प्राथमिकता के आधार पर इन पंचायत की अधिसूचना जारी की गई है। सभी 84 पंचायतें अधिसूचित हो जाती हैं तो प्रदेश में पंचायत की संख्या बढ़कर 3704 हो जाएंगी।

वर्तमान में, प्रदेश में 43 नई पंचायतों के गठन के बाद कुल पंचायतों की संख्या 3577 से बढ़कर 3620 हो चुकी है। नए नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के गठन के लिए पंचायतों के विलय से पूर्व पंचायतों की संख्या 3615 थी।

30 दिन में होगी यह सारी प्रक्रिया

31 मई से पहले पंचायत चुनाव कराना अनिवार्य है, जिससे केवल 30 दिन के भीतर नई पंचायतों का गठन, सीमांकन, आपत्तियों का निपटारा और आरक्षण रोस्टर तय करना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है। नई पंचायतों के गठन से कई क्षेत्रों में वार्डों की संख्या और भौगोलिक सीमाएं बदलेंगी, जिसके कारण आरक्षण रोस्टर को नए सिरे से तैयार करना होगा। इसके साथ ही, मतदाता सूचियों को भी दोबारा तैयार करना आवश्यक होगा।

3577 पंचायतों में से 248 की मतदाता सूचियां अधिसूचित नहीं 

प्रदेश में 3577 पंचायतों में से 248 पंचायतों की मतदाता सूचियों को उपायुक्तों द्वारा वार्ड आधार पर अधिसूचित नहीं किया गया है। इनमें होने वाले बदलाव के कारण इनकी मतदाता सूचियों को रोक दिया गया था। जबकि शेष पंचायतों की मतदाता सूचियां अधिसूचित कर दी गई हैं। हालांकि, इनमें भी नए और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़ सकेंगे जब तक राज्य निर्वाचन आयोग मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने का समय निर्धारित नहीं करेगा।

यहां बनेंगी नई पंचायतें

कांगड़ा में 20, सोलन में 12, शिमला में 11, सिरमौर में आठ, हमीरपुर में सात, ऊना और चंबा में छह-छह, मंडी में पांच, कुल्लू में चार, किन्नौर व बिलासपुर में दो-दो,  लाहुल स्पीति में एक पंचायत बनेगी। ये तीसरे चरण में बनाई जा रही हैं। इससे पूर्व पहले चरण में पांच हजार से अधिक जनसंख्या वाली पंचायतों को विभाजित कर सोलन में तीन और ऊना में एक पंचायत का गठन किया गया था। इसके बाद तीन हजार से अधिक जनसंख्या वाली पंचायतों का विभाजन कर 39 पंचायतों को अधिसूचित किया गया है।

क्या कहते हैं मंत्री

नई पंचायतों का गठन करने के लिए आपत्तियां और सुझाव मांगे हैं। पंचायती राज संस्थाओं के निर्धारित समय में चुनाव करवाने के लिए प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है।
-अनिरुद्ध सिंह, मंत्री, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज।

यह भी पढ़ें: खाड़ी देशों में तनाव के बीच फंसे 35 हजार हिमाचली, परिवार सुरक्षा को लेकर चिंतित, CM सुक्खू बोले- केंद्र के संपर्क में