विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Himachal Cabinet Reshuffle: सुक्खू सरकार की आधी कैबिनेट दिल्ली में, 2 मंत्रियों को हटाए जाने की चर्चा; विक्रमादित्य भी बुलाए

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 09 Sep 2026 12:02 PM (IST)Updated: Wed, 09 Sep 2026 05:24 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर दिल्ली में मुख्यमंत्री सुक्खू सहित वरिष्ठ मंत्रियों ने आलाकमान से मुलाकात की। कुछ मंत्रियों को हटाए जाने की भी अटकलें हैं।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सुक्खू सहित वरिष्ठ मंत्री दिल्ली में आलाकमान से मिले।

  2. मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल पर हुई अहम चर्चा।

  3. कुछ मंत्रियों को हटाकर नए चेहरों को मिल सकता है मौका।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दिल्ली में मंथन तेज हो गया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सहित वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री दिल्ली पहुंच गए हैं। पार्टी आलाकमान के आमंत्रण पर ही मंत्री दिल्ली गए हैं। मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल की तैयारी है तो मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव होगा। दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के साथ होने वाली बैठक को मंत्रिमंडल के भविष्य के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

राहुल गांधी मंगलवार को दिल्ली से बाहर थे इसलिए उनके साथ बैठक नहीं हो पाई, ऐसे में आज बैठक होने की संभावना है। प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ भी नेताओं ने मुलाकात की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मुलाकात हो सकती है। नए मंत्री के साथ फेरबदल पर भी फैसला होने की संभावना है।

ये मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष और सीएम दिल्ली में

मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, कृषि मंत्री चंद्र कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर दिल्ली में हैं। मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री बीते रोज दिल्ली चले गए थे, जबकि उपमुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्री मंगलवार को दिल्ली रवाना हुए।

बुधवार को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को भी दिल्ली बुलाया गया है। अब हिमाचल के छह मंत्री दिल्ली में हैं। 

खरगे से हुई मुलाकात

बताया जा रहा है रात को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से हिमाचल के नेताओं की मुलाकात हुई है। एक-एक कर नेताओं ने अपनी बात रखी है। आज राहुल गांधी से मुलाकात संभव है। 

2027 के मद्देनजर होगा बदलाव

सरकार व संगठन में जो भी बदलाव होगा वह 2027 के चुनाव को मद्देनजर रखते हुए ही किया जाएगा। सरकार में नया मंत्री बनेगा वहीं संगठन में भी कई नेताओं को पद मिलेंगे। 

सुंदर और आशीष दिल्ली में

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाने की घोषणा भले ही कर चुके हैं, लेकिन अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान को करना है। मंत्री पद के लिए अन्य दावेदारों की सक्रियता ने मामला और पेचीदा कर दिया है। दिल्ली में होने वाली चर्चा के बाद ही तय होगा कि सुंदर ठाकुर की ताजपोशी होगी या समीकरण कोई नया मोड़ लेंगे। सुंदर ठाकुर के अलावा आशीष बुटेल भी दिल्ली में ही हैं।

दो मंत्रियों को हटाए जाने की चर्चा

बड़ा सवाल यही है कि विस्तार के साथ सिर्फ नई नियुक्ति होगी या मौजूदा मंत्रिमंडल में भी बड़ा बदलाव किया जाएगा। राजनीतिक गलियारों में दो मंत्रियों को हटाए जाने की चर्चा है। वरिष्ठ और बुजुर्ग नेताओं को संगठन में नई जिम्मेदारी देने का विकल्प भी सामने है।

शिमला संसदीय क्षेत्र से तीन मंत्री होने के कारण यहां से भी एक मंत्री की छुट्टी की अटकलें लग रही हैं। अब अगले निर्णायक कदम के तौर पर देखा जा रहा है। बैठक वन-टू-वन होगी या सामूहिक, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

अब कल वापसी का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री का बुधवार को शिमला लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन अब सभी नेता कल यानी वीरवार को शिमला लौटेंगे। 11 सितंबर को मंत्रिमंडल की बैठक प्रस्तावित है। ऐसे में दिल्ली बैठक के बाद यदि हाईकमान कोई फैसला करता है तो उसका असर सीधे हिमाचल की राजनीति पर दिखाई दे सकता है। मंत्रिमंडल विस्तार होगा, फेरबदल होगा या दोनों इसका फैसला अब दिल्ली के दरबार में होना है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में नदियों की ड्रेजिंग पर CM सुक्खू ने केंद्र से मांगी खुली छूट, मलबा बनता है बरसात में तबाही का कारण