विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल भवन दिल्ली में आधी रात पहुंची पुलिस, CCTV फुटेज भी खंगाली; आखिर बिना वारंट क्यों दी दबिश?

By Parkash Bhardwaj Edited By: Rajesh Sharma
Updated: Sun, 22 Feb 2026 06:26 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने शनिवार देर रात बिना पूर्व सूचना और वारंट के नई दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में प्रवेश किया। पुलिसकर्मी एक कमरे में घुसे, जिस पर वहां मौजूद लोगों, खासकर एक महिला अधिवक्ता ने कड़ा विरोध किया।

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस ने हिमाचल भवन में आधी रात दबिश दी।

  2. बिना वारंट तलाशी पर लोगों ने कड़ा विरोध किया।

  3. पुलिस दो दिनों से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी।

राज्य ब्यूरो, शिमला। नई दिल्ली स्थित हिमाचल भवन व सदन में दिल्ली पुलिस पिछले दो दिनों से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। राष्ट्रीय राजधानी में स्थित हिमाचल सदन में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब कथित तौर पर दिल्ली पुलिस की एक टीम बिना पूर्व सूचना परिसर में पहुंच गई। 

आरोप है कि पुलिसकर्मी रात करीब 12 बजे सीधे एक कमरे की ओर बढ़े, जिस पर वहां मौजूद लोगों ने कड़ा एतराज जताया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस टीम के पहुंचते ही परिसर में मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

लोगों ने देर रात कार्रवाई के औचित्य पर सवाल उठाए और पूछा कि किस आधार पर तलाशी ली जा रही है। जब वारंट दिखाने को कहा गया तो कथित तौर पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

महिला अधिवक्ता ने किया कड़ा विरोध

मौके पर मौजूद एक अधिवक्ता महिला ने संबंधित कमरे में प्रवेश का विरोध करते हुए कहा कि वह उसका कमरा है और बिना विधिक प्रक्रिया के किसी को अंदर आने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि तलाशी ली जानी है तो महिला पुलिसकर्मी साथ क्यों नहीं हैं।

अन्य उपस्थित लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताई और कानूनी प्रक्रिया का पालन करने की मांग की। 

वीडियो हो रहा वायरल

इस दौरान पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल कैमरों में रिकार्ड हो गया, जो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस कर्मियों की मौजूदगी और बहस साफ दिखाई दे रही है।

पुलिस बोली, खंगाल रहे सीसीटीवी फुटेज

हिमाचल भवन के प्रबंधक ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम पिछले दो दिनों से सीसीटीवी फुटेज को देख रही है। पूछने पर पुलिस की टीम की ओर से कहा गया है कि शीघ्र ही इस तरह की जांच के बारे में जानकारी से अवगत करवा दिया जाएगा। पुलिस टीम ने यह भी हमें बताया कि केवल हिमाचल भवन व सदन में ही छानबीन नहीं हो रही है। अन्य प्रदेशों के भवन में भी इसी तरह की पूछताछ हुई है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल सदन में पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, भाजपा नेता सुधीर शर्मा बोले- दाल में जरूर कुछ काला