दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन में शामिल हुए CM सुक्खू, राहुल-प्रियंका गांधी से की मुलाकात; आज लौटेंगे शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे इंडी गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल हुए। ...और पढ़ें
-1791484108305_m.webp)
दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन में शामिल हुए सीएम सुक्खू। फोटो जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली में इंडी गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी मुलाकात की सीएम ने।
राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे इंडी गठबंधन के प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू भी शामिल हुए। गुरुवार को प्रदर्शन के तीसरे दिन मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंचे और राहुल गांधी के साथ राजघाट तक निकाली गई यात्रा में शामिल हुए।
इसके साथ ही हिमाचल कांग्रेस ने भी चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों के साथ अपनी राजनीतिक एकजुटता जाहिर की। मुख्यमंत्री सुक्खू वीरवार सुबह करीब 11 बजे शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनका पहले वन विभाग के एक कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन सुबह अचानक इसमें बदलाव किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री दिल्ली के लिए रवाना हुए और शाम को राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन में शामिल हुए।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से की मुलाकात
दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद वह प्रदर्शन में शामिल हुए। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग के साथ चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को उठा रहे हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं। पार्टी इन मामलों में जवाबदेही तय करने और चुनाव आयोग से स्थिति स्पष्ट करने की मांग कर रही है। इसी मुद्दे को लेकर दिल्ली में विपक्षी दलों का प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा।
हिमाचल में भी कांग्रेस ने उठाया मुद्दा
दिल्ली के प्रदर्शन से पहले हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतर चुकी है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने ऊना में हुए प्रदर्शन का नेतृत्व किया। इसके अलावा कांग्रेस ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन किया और काला दिवस मनाया।
आज लौटेंगे शिमला
मुख्यमंत्री सुक्खू के शुक्रवार को शिमला लौटने की संभावना है। हालांकि दिल्ली में आंदोलन की स्थिति को देखते हुए उनके प्रवास में बदलाव भी हो सकता है। शनिवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक रखी है। ऐसे में उनके वापिस लौटने की संभावना ज्यादा है। हालांकि फिलहाल मुख्यमंत्री का विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।
