विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल की कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा, भावना व ज्योति को 1-1 करोड़ और सरकारी नौकरी; CM सुक्खू का एलान; रेणुका को भी इनाम

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 05 Oct 2026 05:16 PM (IST)Updated: Mon, 05 Oct 2026 06:57 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने एशियाई खेलों की गोल्ड मेडलिस्ट कबड्डी खिलाड़ियों भावना ठाकुर, पुष्पा राणा और ज्योति को एक-एक ...और पढ़ें

एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाली खिलाड़ी सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के साथ।

एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाली खिलाड़ी सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के साथ।

HighLights

  1. कबड्डी खिलाड़ियों भावना, पुष्पा, ज्योति को 1 करोड़ रुपये।

  2. तीनों खिलाड़ियों को हिमाचल पुलिस में इंस्पेक्टर पद।

  3. क्रिकेटर रेणुका ठाकुर को भी 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार।

जागरण टीम, शिमला। एशियाई खेलों में देश का मान बढ़ाने वाली हिमाचल की खेल बेटियों पर प्रदेश सरकार ने पुरस्कारों की बारिश की है। 20वें एशियाई खेलों में कबड्डी का स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमाचल की तीन खिलाड़ियों पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को इन खिलाड़ियों से भेंट के दौरान यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने साथ ही हिमाचल पुलिस में इंस्पेक्टर रैंक की नौकरी देने की भी घोषणा की है। भावना ठाकुर, पुष्पा राणा और ज्योति को एक-एक करोड़ रुपये व नौकरी मिलेगी।

रेणुका को भी एक करोड़

वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई।

पुलिस में नहीं जाना तो खेल विभाग में नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीनों कबड्डी खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में रोजगार भी दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो खिलाड़ी पुलिस विभाग में सेवाएं देने की इच्छुक नहीं होंगी, उन्हें युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में नियुक्ति दी जाएगी। इससे वे सरकारी सेवा के साथ प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और अपना खेल करियर जारी रख सकेंगी।

रितु नेगी पर नहीं फैसला

रितू नेगी पर सरकार बाद में फैसला लेगी। रितु नेगी की हरियाणा में शादी हो गई है व उन्हें वहां की सरकार से पुरस्कार मिल रहा है।

एक करोड़ और डीएसपी रैंक मांगा

भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा सहित प्रदेश की खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर 33 लाख रुपये की घोषित इनामी राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करने और डीएसपी रैंक की नौकरी देने की मांग की। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया।

पहले जताई थी नाराजगी

पहले सरकार ने कबड्डी प्लेयर्स को 33-33 लाख रुपये देने की घोषणा की थी, जिस पर कप्तान पुष्पा राणा व अन्य खिलाड़ियों ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने सरकार से गोल्ड मेडल जीतने पर कम से कम एक-एक करोड़ रुपये देने की मांग की थी। सोमवार को शिमला में सीएम सुक्खू से मुलाकात के बाद उन्होंने यह एलान किया। 

सावन बरवाल व सीमा को मिलेंगे साढ़े 3 करोड़

मैराथन में सिल्वर मैडल जीतने वाले मंडी के सावन बरवाल को सरकार ने 2.50 करोड़ और 10000 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज जीतने वाली चंबा की सीमा को 1.50 करोड़ देने का एलान किया है। 

मुख्यमंत्री सुक्खू से शिमला सचिवालय में सोमवार को भेंट की। पुरस्कार राशि व नौकरी पर अपना पक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने सम्मानित करने के अलावा एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने और पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर की नौकरी देने पर हामी भरी है।
-पुष्पा राणा, कप्तान, भारतीय महिला कबड्डी टीम।

यह भी पढ़ें: एशियाई खेलों में मेडल जीतकर आई सीमा को चंबा के लोगों ने बिठाया पलकों पर, घर पर परिवार करेगा शिव नुआला