विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनुराग शर्मा राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित, संपत्ति विवाद पर बोले- मैं भोलेनाथ का भक्त; जहां मर्जी करें शिकायत

By Anil Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Updated: Mon, 09 Mar 2026 05:55 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। वे अकेले उम्मीदवार थे और भाजपा ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा। संपत्ति संबंधी आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका शपथ पत्र बिल्कुल सही है और उन्हें किसी भी शिकायत से कोई डर नहीं है।

अनुराग शर्मा राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। जागरण आर्काइव

अनुराग शर्मा राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. अनुराग शर्मा हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए।

  2. संपत्ति विवाद पर बोले, शपथ पत्र सही, शिकायत से नहीं डरता।

  3. पर्यटन क्षेत्र के विकास हेतु केंद्र से परियोजनाएं लाएंगे।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। कांगड़ा जिला के बैजनाथ से संबंध रखने वाले अनुराग शर्मा के राज्यसभा सदस्य बनने की औपचारिक घोषणा हो गई। नौ मार्च को नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि है। इस दिन इन्हें औपचारिक निर्वाचन पत्र जारी कर दिया गया।

कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा नामांकन करने वाले अकेले उम्मीदवार थे। पार्टी ने कोई कवरिंग कैंडिडेट भी नहीं दिया था। विपक्षी दल भाजपा ने चुनाव में प्रत्याशी नहीं उतारा था। 

आरोपों पर बोले- भोलेनाथ का भगत हूं, जहां मर्जी करें शिकायत

कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में अनुराग शर्मा ने कहा कि मैं भोलेनाथ का भगत हूं। शपथ पत्र व संपत्ति को लेकर जो शिकायत की है मुझे उसकी जानकारी नहीं है। मैंने जो शपथ पत्र दिया है वह पूरी तरह ठीक है। किसी भी कागज में कोई त्रुटि नहीं है। 

बोले- पिता 1979 से थे ए-श्रेणी ठेकेदार

अनुराग ने कहा कि वे कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। छात्र जीवन से लेकर संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि मेरे पिता 1979 से ए श्रेणी के ठेकेदार थे। उनके माता व पिता दोनों का देहांत हो चुका है। परिवार का जो पैतृक कारोबार है उसे संभाल रहे हैं। ठेकेदार रहते जो भी काम किए हैं, उसका भुगतान चेक के माध्यम से होता है। नियमों के तहत हर कार्य किया है। जीएसटी व इनकम टैक्स देते हैं। 

संपत्ति की घोषणा में लगाई है बैलेंस शीट

संपत्ति की घोषणा में मैंने अपनी बैलेंस शीट भी लगाई है, जिसको कोई आपत्ति है वह जहां मर्जी शिकायत कर ले, मुझे कोई डर नहीं है। अनुराग शर्मा ने कहा कि मैं पर्यटन क्षेत्र से जुड़ा आदमी हूं। किसी भी प्रदेश की आर्थिकी में पर्यटन की अहम भूमिका रहती है। पर्यटन क्षेत्र के लिए केंद्र से परियोजनाएं लाने में पुरजोर प्रयास करूंगा।

यह भी पढ़ें: शिमला में मंत्री आवास के नजदीक चोरी, ट्रांसफार्मर की सप्लाई बंद कर तार चुरा ले गए शातिर; आधी रात पसरा अंधेरा