शिमला से बाहर जाएंगी चारों बड़ी मंडियां, चमियाना में फोरलेन के पास चिन्हित हुई जमीन
हिमाचल सरकार ने शिमला और औद्योगिक क्षेत्रों में भीड़ व ट्रैफिक कम करने के लिए बड़ा प्लान बनाया है। इसके तहत शिमला की मंडियां शहर से बाहर फोरलेन पर शिफ ...और पढ़ें

शिमला की मंडियां होंगी शहर से बाहर फोर लेन के साथ, बीबीएन में बनेगा नया सैटेलाइट टाउन।
HighLights
शिमला की अनाज, सब्जी, टिम्बर, ट्रांसपोर्ट मंडियां शहर से बाहर होंगी
बद्दी में 7000 बीघा जमीन पर हिम चंडीगढ़ जैसा नया शहर
राजस्व मंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमंडलीय उप-समिति ने योजना बनाई
राज्य ब्यूरो, शिमला। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के प्रमुख शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ती भीड़, ट्रैफिक दबाव और अनियोजित विस्तार से निपटने के लिए सरकार ने बड़ा प्लान तैयार किया है। बद्दी के साथ हिम चंडीगढ़ बसाने के लिए 7000 बीघा जमीन हिमुडा की नाम कर दी है और 3 माह के भीतर निविदा प्रक्रिया को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिमला की अनाज मंडी, सब्जी मंडी, टिम्बर मार्केट और ट्रांसपोर्ट मार्केट को शहर से बाहर स्थानांतरित कर चमियाना के साथ फोरलेन पर बसाया जाएगा इसके लिए जमीन भी चिन्हित कर ली गई है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में गठित मंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक में शिमला शहर, बीबीएन सहित प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में भीड़ कम करने की कार्ययोजना पर मंथन किया गया।
अब अगली बैठक 20 अगस्त को रखी गई है जिसमें इसकी अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। बैठक में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। सरकार का फोकस शहरों के भीतर भीड़ बढ़ाने वाली गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके
से बाहर स्थानांतरित करने पर है।
शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बैठक में बताया कि चार प्रमुख व्यावसायिक गतिविधियों अनाज मंडी, सब्जी मंडी, टिम्बर मार्केट और ट्रांसपोर्ट मार्केट को स्थानांतरित करने के लिए भूमि की पहचान कर ली गई है। अगली बैठक में इसकी अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इससे शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही और मंडियों के कारण पैदा होने वाले यातायात दबाव को कम करने की उम्मीद है।
खबरें और भी
बैठक में विधायक हरीश जनारथा, बद्दी के विधायक राम कुमार चौधरी, निदेशक शहरी विकास नीरज कुमार, सचिव नगर नियोजन एवं शहरी विकास अमरजीत सिंह, सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा, हिमुडा के सीईओ सुरेंद्र वशिष्ठ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बीबीएन में चंडीगढ़ की तर्ज पर सैटेलाइट टाउन
औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में बढ़ती आबादी और औद्योगिक गतिविधियों के दबाव को देखते हुए सरकार नई टाउनशिप और चंडीगढ़ की तर्ज पर सैटेलाइट टाउन विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके लिए राजस्व विभाग ने 7 हजार बीघा जमीन हिमुडा को सौंप दी है। इस जमीन का इंतकाल भी पूरा किया जा चुका है।
सरकार की योजना बीबीएन में औद्योगिक विस्तार के साथ आवासीय और शहरी सुविधाओं का सुनियोजित विकास करने की है, ताकि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में बढ़ते शहरी दबाव को कम किया जा सके। नई टाउनशिप के जरिए आवास, सड़क, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को एक नियोजित ढांचे में विकसित करने पर जोर रहेगा।