हिमाचल की वादियों पर बरसा पर्यटकों का प्यार, साढ़े तीन साल में पहुंचे 7.59 करोड़ सैलानी
हिमाचल प्रदेश में पिछले साढ़े तीन वर्षों में 7.59 करोड़ से अधिक पर्यटकों का आगमन हुआ, जिनमें 2.64 लाख विदेशी सैलानी शामिल हैं।

हिमाचल में साढ़े तीन साल में पहुंचे 7.59 करोड़ सैलानी।
HighLights
साढ़े तीन वर्षों में 7.59 करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे
2025 में सर्वाधिक 3.11 करोड़ पर्यटकों ने हिमाचल का दौरा किया
यूके, अमेरिका से सबसे अधिक विदेशी सैलानी हिमाचल आए
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल की हसीन वादियां देशी-विदेशी पर्यटकों की पसंद बनी हुई हैं। पिछले साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश में 7 करोड़ 59 लाख 5 हजार 479 पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया।
इनमें 2 लाख 64 हजार 824 विदेशी सैलानी शामिल हैं। वर्ष 2025 में सबसे अधिक पर्यटक हिमाचल पहुंचे, जबकि 2026 में भी एक अगस्त तक एक करोड़ से अधिक सैलानी प्रदेश का रुख कर चुके थे। विधायक राकेश कालिया के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने विधानसभा में यह जानकारी दी।
वर्ष 2023 में 1 करोड़ 60 लाख 49 हजार 24, वर्ष 2024 में 1 करोड़ 81 लाख 24 हजार 694 और वर्ष 2025 में 3 करोड़ 11 लाख 47 हजार 155 पर्यटक हिमाचल पहुंचे। वर्ष 2026 में एक अगस्त तक 1 करोड़ 6 लाख 28 हजार 706 पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया।
विदेशी पर्यटकों में सबसे अधिक 49 हजार 29 सैलानी यूके से आए। अमेरिका से 26 हजार 207, ऑस्ट्रेलिया से 15 हजार 226, जर्मनी से 9 हजार 283, फ्रांस से 8 हजार 417 और कनाडा से 7 हजार 323 पर्यटक पहुंचे।
मलेशिया से 5 हजार 713, श्रीलंका से 5 हजार 578, इटली से 5 हजार एक, बांग्लादेश से 3 हजार 989, स्विट्जरलैंड से 3 हजार 398 और जापान से 2 हजार 765 सैलानी हिमाचल आए।
इसके अलावा सिंगापुर से 3 हजार 522, यूएई से 677, सऊदी अरब से 433, ईरान से 240 और पाकिस्तान से सात पर्यटक पहुंचे। अन्य देशों से आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 1 लाख 18 हजार 16 रही।
यह भी पढ़ें- नेपाल की त्रासदी के बाद हिमाचल में अलर्ट, ग्लेशियर झीलों पर 24 घंटे सेटेलाइट से हो रही निगरानी
