मंडी के इस परिवार की तीसरी पीढ़ी सेना में, दादा और पिता भी कर चुके देश सेवा; अब बेटा बना सब लेफ्टिनेंट
मंडी जिले के जोगेंद्रनगर उपमंडल के दारट बगला गांव के देवेंद्र सिंह भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बने हैं। वह ...और पढ़ें

सब लेफ्टिनेंट देवेंद्र बच्ची व पत्नी और माता-पिता के साथ।
HighLights
देवेंद्र सिंह भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बने।
परिवार की तीसरी पीढ़ी देश सेवा में शामिल हुई।
दादा स्वतंत्रता सेनानी, पिता भी सेना में रहे।
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के एक परिवार की तीसरी पीढ़ी देश सेवा में आ गई है। देवेंद्र सिंह अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं, जो सेना में सेवाएं दे रहे हैं। उनके दादा स्वर्गीय हरि सिंह स्वतंत्रता सेनानी थे और इंडियन ग्रेनेडियर्स का हिस्सा रहे थे। उनके पिता ऑनरेरी रिसालदार मेजर बलवीर सिंह 76 आर्म्ड रेजिमेंट में सेवाएं दे चुके हैं।
देवेंद्र सिंह इंडियन नेवी में कमीशन प्राप्त कर सब लेफ्टिनेंट बने हैं। उनकी इस उपलब्धि से गांव, क्षेत्र और जिले में खुशी की लहर है। वह जोगेंद्रनगर उपमंडल के दारट बगला गांव के निवासी हैं। उनकी पत्नी भी केंद्र सरकार की कर्मचारी हैं और ईएसआईसी विभाग में सीनियर असिस्टेंट के पद पर सेवाएं दे रही हैं।
बड़े भाई एयरफोर्स में
देवेंद्र सिंह के बड़े भाई भी इंडियन एयरफोर्स में वारंट ऑफिसर के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। देवेंद्र सिंह की माता गृहिणी हैं। उनकी 94 वर्षीय दादी पार्वती देवी भी पोते की इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं।
सरकारी स्कूल से की पढ़ाई
देवेंद्र सिंह ने पहली से पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई राजकीय प्राथमिक पाठशाला जगेहड़, छठी से आठवीं तक राजकीय माध्यमिक पाठशाला दारट, नौवीं से दसवीं तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिकरू और जमा दो तक की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगेंद्रनगर से पूरी की।
