विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

माता-पिता हिमाचल पुलिस में बेटा बना भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, मंडी के अनुराग 96 फील्ड रेजिमेंट में देंगे सेवाएं

By Hansraj Saini Edited By: Rajesh Sharma
Updated: Sat, 07 Mar 2026 05:46 PM (IST)

मंडी के भ्यूली निवासी अनुराग चंदेल भारतीय सेना की 96 फील्ड रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। उन्होंने चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी से प्रशिक्षण पूरा किया। हिमाचल पुलिस में कार्यरत उनके माता-पिता को उन पर गर्व है।

सेना में लेफ्टिनेंट बने मंडी के अनुराग माता-पिता के साथ।

सेना में लेफ्टिनेंट बने मंडी के अनुराग माता-पिता के साथ।

HighLights

  1. मंडी के अनुराग चंदेल भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने।

  2. 96 फील्ड रेजिमेंट में शामिल, चेन्नई से प्रशिक्षण पूरा।

  3. माता-पिता हिमाचल पुलिस में, बेटे की उपलब्धि पर गर्व।

जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश में मंडी के भ्यूली निवासी अनुराग चंदेल ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। एक वर्ष के प्रशिक्षण के बाद भारतीय सेना की 96 फील्ड रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट के पद पर आफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई से पासआउट हुए हैं। 96 फील्ड रेजिमेंट ने कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

माता-पिता हिमाचल पुलिस में

अनुराग चंदेल के माता-पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। माता पदमा चंदेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय मंडी में निरीक्षक/हेड क्लर्क के पद पर सेवाएं दे रही हैं व पिता आनंद किशोर चंदेल जिला मंडी में सीआइडी यूनिट के प्रभारी हैं। वह बिलासपुर के झंडूता तहसील के भटेड़ फलां गांव के मूल निवासी हैं और अब मंडी के भ्यूली में घर बना लिया है।

सैनिक स्कूल से की पढ़ाई

परिवार की सेवा भावना और अनुशासन का असर अनुराग के जीवन पर भी साफ दिखाई देता है। अनुराग की प्रारंभिक शिक्षा मंडी के फिनिक्स स्कूल से हुई। सैनिक स्कूल से जमा दो की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने चंडीगढ़ के एसडी कालेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। 

दिल्ली विवि में कानून की पढ़ाई करते की सीडीएस की तैयारी

वह दिल्ली विश्वविद्यालय से लॉ की पढ़ाई कर रहे थे, इसी दौरान उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य तय किया और कड़ी मेहनत शुरू की। लगातार मेहनत और लगन के दम पर अनुराग चंदेल ने पिछले वर्ष संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा उत्तीर्ण की। 

इसके बाद उन्हें सेना में अधिकारी बनने के लिए प्रशिक्षण के लिए चयनित किया गया। अनुराग की इस उपलब्धि से मंडी समेत गांव भटेड़ फलां में खुशी का माहौल है और लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

यह भी पढ़ें: DC चंबा मुकेश की पत्नी ने पास की UPSC परीक्षा, 79वां रैंक हासिल किया; पति के साथ रहकर की प्रियंका ने तैयारी

यह भी पढ़ें: UPSC Result: 12वीं में टॉपर रहे नाहन के सुशांत ने तभी तय कर दिया था बनूंगा IAS अधिकारी, दूसरे प्रयास में पाया मुकाम