विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंडी में मां ने 4 साल के बच्चे को जहर देकर खुद भी निगला, मिस्त्री पति गया था काम पर; सास-ससुर थे खेत में

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 04 Oct 2026 12:52 PM (IST)Updated: Sun, 04 Oct 2026 03:34 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक मां ने अपने चार साल के बेटे को जहर देकर खुद भी निगल ...और पढ़ें

मंडी के घटासनी में महिला ने बच्चे को जहर देकर खुद भी निगल लिया। प्रतीकात्मक फोटो

मंडी के घटासनी में महिला ने बच्चे को जहर देकर खुद भी निगल लिया। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. मंडी में मां ने चार साल के बेटे को जहर दिया।

  2. महिला ने खुद भी जहरीला पदार्थ निगलकर जान देने की कोशिश की।

  3. दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक बेहद झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। घटासनी क्षेत्र में एक महिला ने अपने चार साल के बच्चे को जहर देकर खुद भी निगल लिया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। महिला और बच्चे को 108 एंबुलेंस के जरिये जोगेंद्रनगर अस्पताल ले जाया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को जोगेंद्रनगर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। चिकित्सकों ने उन्हें लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक रेफर कर दिया है। 

सिल्हासवाड़ की निवासी है महिला 

पंचायत जिल्हण के सिल्हासवाड़ गांव में रविवार सुबह यह घटना हुई। महिला की पहचान 26 वर्षीय जय ललिता पत्नी पवन कुमार निवासी सिल्हासवाड़ और चार वर्षीय बेटे कनिष्क के रूप में हुई है। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य कामकाज के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। 

मिस्त्री पति गया था काम पर

महिला का पति पवन कुमार मिस्त्री का काम करता है और रविवार सुबह टिंडूनाला में एक मकान का स्लैब डालने के लिए काम पर चला गया था। महिला के सास-ससुर खेतों में आलू निकालने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान महिला ने बेटे के साथ कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। कुछ समय बाद मां-बेटे की तबीयत बिगड़ने पर आसपास के ग्रामीणों को घटना का पता चला। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचित किया और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पंचायत उपप्रधान मौके पर पहुंचे

पंचायत उपप्रधान विजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर छानबीन की गई। इस दौरान कमरे से नुवान की शीशी बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही महिला के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

यह भी पढ़ें: मंडी की युवती से शादी का वादा कर समीर ने किया दुष्कर्म, गहने, कैश और बाइक लेकर हुआ फरार; एक महीने बाद आया पकड़ में