मंडी-पठानकोट फोरलेन: घट्टा से नारला के बीच निर्माण में देरी का मामला संघर्ष समिति ने नितिन गडकरी तक पहुंचाया
पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे 154 पर घट्टा से नारला खंड के फोरलेन निर्माण में देरी से नाराज संघर्ष समिति ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को ज्ञापन भेजा है। ...और पढ़ें

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी। जागरण आर्काइव
HighLights
घट्टा-नारला फोरलेन निर्माण में देरी पर संघर्ष समिति नाराज।
NHAI से काम NHIDCL को सौंपने की मांग की।
पुरानी DPR पर काम न होने पर अदालत जाने की चेतावनी।
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर (मंडी)। पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे 154 पर घट्टा से नारला खंड तक फोरलेन निर्माण में हो रही लचर चाल से स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। फोरलेन संघर्ष समिति ने केंद्र सरकार के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए सोमवार को एसडीएम जोगेंद्रनगर मनीश चौधरी के माध्यम से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को ज्ञापन भेजा।
समिति ने मांग उठाई है कि पैकेज-3 और 4 का निर्माण कार्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से वापस लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (एनएचआइडीसीएल) को सौंपा जाए।
पैकेज तीन और चार लेआउट के फेर में फंसे
समिति के अध्यक्ष बृज गोपाल अवस्थी ने बताया कि वर्ष 2017 में स्वीकृत 12,000 करोड़ रुपये की इस ड्रीम प्रोजेक्ट का लगभग 95 प्रतिशत काम पैकेज-1, 2 और 5 में पूरा हो चुका है। हालांकि, चौंतड़ा से पद्धर को जोड़ने वाले पैकेज-3 और 4 लेआउट के फेर में अब तक शुरू ही नहीं हो सके हैं।
पुरानी स्वीकृत डीपीआर पर ही हो काम
मांग पत्र में स्पष्ट किया गया कि 2018 की स्वीकृत डीपीआर के तहत धारा-3ए में भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पुरानी स्वीकृत डीपीआर पर कार्य शुरू न हुआ, तो वे अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
अवस्थी ने आरोप लगाया कि 2017 के कोटरोपी भूस्खलन का मलबा आज तक नहीं हटाया गया है। ज्ञापन की प्रतियां सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और सांसद कंगना रनौत सहित अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।
यह भी पढ़ें: 'तलाक के बाद भी पत्नी का भरण-पोषण पति का कानूनी दायित्व', हिमाचल हाई कोर्ट ने कहा- जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते