विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल प्रदेश: बल्ह में तेंदुए ने लहूलुहान किए 10 लोग, एक युवक की मौत; बुजुर्ग ने दिखाई हिम्मत

By Jagran News Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 24 Dec 2025 11:36 AM (IST)Updated: Wed, 24 Dec 2025 12:07 PM (IST)

Mandi News, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के एक गांव में तेंदुए ने लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें एक ...और पढ़ें

मंडी के बल्ह क्षेत्र में तेंदुए ने एक व्यक्ति को मार डाला।

मंडी के बल्ह क्षेत्र में तेंदुए ने एक व्यक्ति को मार डाला।

HighLights

  1. मंडी में तेंदुए का हमला, एक की मौत

  2. हमले में पांच लोग गंभीर रूप से घायल

  3. वन विभाग की टीम कर रही जांच

सुभाष आहलुवालिया, नेरचौक (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक खूंखार तेंदुए ने कुछ लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। तेंदुए ने एक व्यक्ति को मार डाला और पांच को बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया। कुल 10 लोग घायल हुए हैं। बल्ह उपमंडल की भडयाल पंचायत में तेंदुए ने तीन गांव में हमला कर 10 लोगों को घायल कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।

घायलों की पहचान साहिब सिंह पुत्र जोगीमलदार निवासी बिहार, चंपा देवी पत्नी मनोज कुमार निवासी मलवाणा, दीनानाथ पुत्र विक्रम निवासी भडयाल, जतिन पुत्र दीनानाथ निवासी भडयाल, रेखा देवी पत्नी दीनानाथ के रूप में हुई है। 

वहीं भडयाल में पिंकू राम के घर आए उसके साले 40 वर्षीय बलवीर सिंह निवासी भ्यूली मंडी की मौत हो गई है। लोगों ने तेंदुए को भी मार गिराया है।

बुजुर्ग ने दिखाई हिम्मत

बताया जा रहा है कि तेंदुए ने सुबह सबसे पहले प्रवासी व्यक्ति साहिब सिंह पर हमला किया। इसके बाद वह वहां से भागा और लकड़ी लेने जा रही चंपा देवी को निशाना बनाया, लेकिन वहां से गुजर रहे 68 वर्षीय डागू राम ने हिम्मत दिखाते हुए डंडे से मारकर तेंदुए को भगा दिया।

व्यक्ति को बचाने गए पत्नी और बेटा भी घायल

इसके बाद तेंदुए ने दीनानाथ पर हमला किया, इस दौरान उसके बचाव में आए पत्नी और बेटे जतिन पर भी उसने हमला कर लहूलुहान कर दिया। 

तेंदुए मारा गया

हमले के बाद लोगों में दहशत फैल गई और लोग डंडे और हथियार लेकर तेंदुए से बचाव के लिए निकल पड़े। इस दौरान गांव में एक घर के पास छिपे तेंदुए ने अन्य लोगों पर भी हमला करने की कोशिश की व लोगों के शोर मचाने पर जब वह भागा तो सरिये पर गिरने से उसकी मौत हो गई।

क्या कहती हैं एसडीएम स्मृतिका नेगी

उधर घायलों को नेरचौक मेडिकल कालेज ले जाया गया है। एसडीएम स्मृतिका नेगी ने बताया कि तेंदुए के हमले से पांच लोग घायल हुए हैं, जबकि मंडी के भ्यूली निवासी व्यक्ति की मौत हुई है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल के बल्ह में तेंदुए का हमला: महिला की गर्दन पर झपटा तेंदुआ तो 68 वर्षीय डागू राम ने दिखाई हिम्मत

क्या कहते हैं वन अधिकारी

उधर, वन विभाग उप अरण्यपाल वासु डोगर ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है। 

यह भी पढ़ें: हिमाचल: पोलियो अभियान में ड्यूटी पर गई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की खाई में गिरने से मौत, मंडी से PGI रेफर की थी महिला