विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'हिमाचल को आपदा प्रभावित राज्य घोषित कर आर्थिक सहायता दे केंद्र सरकार', कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह की मांग

By Jagran NewsEdited By: Rajat Mourya
Updated: Sat, 26 Aug 2023 05:35 PM (IST)

हिमाचल के मंडी में कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की औ ...और पढ़ें

'हिमाचल को आपदा प्रभावित राज्य घोषित कर आर्थिक सहायता दे केंद्र सरकार', कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह की मांग
'हिमाचल को आपदा प्रभावित राज्य घोषित कर आर्थिक सहायता दे केंद्र सरकार', कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह की मांग

मंडी, जागरण संवाददाता। Pratibha Singh In Mandi मंडी की सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार से हिमाचल को आपदा प्रभावित राज्य घोषित कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल को दूसरा घर मानते हैं, इसलिए उनका भी यह दायित्व बनता है कि इस आपदा की घड़ी में हिमाचल को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल को इस आपदा (Himachal Disaster) से लगभग 10 हजार करोड़ का नुकसान हुआ है। उन्होंने शनिवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र के वर्षा व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। प्रतिभा सिंह ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से भी आग्रह किया कि वह भी प्रधानमंत्री के समक्ष हिमाचल को अधिक से अधिक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की मजबूती से पैरवी करें।

उन्होंने पिछले दिनों स्वयं दिल्ली में भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी तथा ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की थी। उनसे भी आपदा में हिमाचल के लोगों की मदद करने तथा राष्ट्रीय उच्च मार्गों की जल्द मरम्मत कराने के लिए धन उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

उन्होंने डिनक, डुगराईं, लोअर बैहली, अप्पर बैहली, शेगली, तमरोह, दियारगी, चुनाहन, रजवाड़ी, लोअर पाधरू, अप्पर पाधरू में भूस्खलन से खाली किए घरों व नुकसान का जायजा किया। चुनाहण में साथ लगती खड्ड का जलस्तर बढ़ने से पंचायत घर और लोगों के घरों को हुई क्षति की जानकारी ली। डुगराईं में बाढ़ से क्षतिग्रस्त घरों के लोगों के हालचाल जाना तथा नाले के तटीकरण के निर्देश दिए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रजवाड़ी के बारिश से धंसे खेल मैदान तथा पाठशाला भवन का जायजा किया।

इस दौरान कांग्रेस नेता और नाचन से विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे नरेश चौहान, प्रदेश महासचिव कांग्रेस चेतराम ठाकुर, महासचिव केशव नायक, जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष हरेंद्र सेन, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष तरुण ठाकुर, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष नाचन नीलमणि ठाकुर, किसान मोर्चा अध्यक्ष उपेंद्र ठाकुर, जिला परिषद सदस्य जागृति राणा, जिला मंडी सेवादल अध्यक्ष प्रेमलाल गुड्डू उपस्थित रहे।