राष्ट्रपति मुर्मु का मनाली दौरा: भांग के रेशों से बनी चप्पल पहनकर की हिडिंबा माता मंदिर में पूजा, इतिहास जाना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे के दौरान मनाली के हिडिंबा माता मंदिर में भांग के रेशों से बनी पारंपरिक चप्पलें पहनकर पूजा-अर्चना की।

हिडिंबा माता मंदिर में पूजा करतीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु। जागरण
HighLights
राष्ट्रपति मुर्मू ने मनाली के हिडिंबा माता मंदिर में पूजा की।
मंदिर में भांग के रेशों से बनी पारंपरिक चप्पलें पहनीं।
उन्होंने अटल टनल का दौरा कर बीआरओ के कार्य को सराहा।
जागरण संवाददाता, मनाली। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हिमाचल प्रदेश का तीन दिवसीय दौरा कर वीरवार सुबह लौट गईं। लोगों ने जगह-जगह हाथ हिलाकर महामहिम का अभिनंदन किया। राष्ट्रपति ने दूसरे दिन बुधवार को मनाली के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक हिडिंबा माता मंदिर में शीश नवाया और देश की सुख-समृद्धि के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। माता हिडिंबा मंदिर की देव परंपरा के अनुसार चमड़े के जूते-चप्पल ले जाना वर्जित है।
भांग के रेशों से तैयार चप्पलें पहनकर की पूजा
इस परंपरा का सम्मान करते हुए राष्ट्रपति के लिए विशेष रूप से भांग के पौधों के रेशों से तैयार पारंपरिक कुल्लू चप्पलें (पूले) मंगवाई गई थीं, जिन्हें पहनकर उन्होंने माता के दर्शन किए। मनाली में मौसम ठंडा है, इसलिए यह खासतौर की चप्पल मंगवाई गई थीं। भांग के पौधे के रेशों से बनी यह खास चप्पल पांव को गर्म रखती हैं। पहाड़ी क्षेत्र के मंदिरों में पुजारी भी इन्हें पहनते हैं।
मंदिर परिसर में पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हिमाचली संस्कृति के अनुसार स्वागत किया गया। उनके साथ हिमाचल के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता और मंडी की सांसद कंगना रनौत भी मौजूद रहीं।
मंदिर के इतिहास की जानकारी दी
पुरोहित मेहर चंद ने राष्ट्रपति से विधिवत पूजा करवाई। मंदिर के पुजारी रमण शर्मा ने उन्हें पगोडा शैली में बने इस ऐतिहासिक 16वीं शताब्दी के मंदिर के इतिहास और महाभारत काल से जुड़े इसके महत्व के बारे में जानकारी दी।
अटल टनल को निहारा
इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने विश्व प्रसिद्ध अटल टनल (रोहतांग) का भी दौरा किया और बीआरओ के कार्य को सराहते हुए अटल टनल को देश का गौरव बताया। उन्होंने बर्फ से ढकी पहाड़ियों को नजदीकी से निहारा और मनाली की खूबसूरती का गुणगान किया।
मॉल रोड पर खरीदारी
शाम को राष्ट्रपति ने मनाली के प्रसिद्ध मॉल रोड पर पैदल सैर कर तिब्बती एम्पोरियम में खरीदारी का आनंद लिया। अपने हिमाचल दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय खान पान को तरजीह देते हुए पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया।
