विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मनाली के पर्यटन स्थलों में जून में ठंड का एहसास, रोहतांग व बारालाचा में स्नोफॉल देख झूमे टूरिस्ट

By Jaswant ThakurEdited By: Rajesh Sharma
Updated: Mon, 22 Jun 2026 02:16 PM (IST)

मनाली और रोहतांग सहित शिंकुला व बारालाचा दर्रे में जून महीने में लगातार हिमपात हो रहा है, जिससे पर्यटकों में खुशी है। इस असामान्य बर्फबारी से गर्मियों में भी सर्दियों का एहसास हो रहा है।

रोहतांग दर्रे में बर्फ के फाहे गिरते देख झूमते सैलानी।

रोहतांग दर्रे में बर्फ के फाहे गिरते देख झूमते सैलानी।

HighLights

  1. जून में मनाली, रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा में हिमपात जारी।

  2. पर्यटक बर्फबारी का आनंद ले रहे, पर्यटन कारोबारियों में खुशी।

  3. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ी, मैदानी इलाकों में भी मौसम ठंडा।

जागरण संवाददाता, मनाली। गर्मियों में सर्दियों का एहसास लेने के लिए कुल्लू मनाली चले आएं। यहां जून महीने में लगातार हिमपात का क्रम जारी है। रविवार देर रात से रोहतांग सहित शिंकुला और बारालाचा दर्रे में रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है। जून महीने में हिमपात से पर्यटन कारोबारियों सहित पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। पर्यटक बर्फ के फाहों में झूम रहे हैं।

रोहतांग और लाहुल-स्पीति में ताजा हिमपात के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ठंडा हो गया है। मैदानी इलाकों में भी बारिश और ठंडी हवाओं से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को गर्मियों में भी सर्दियों का एहसास हो रहा है।

Snowfall June rohtang

पर्यटन कारोबारियों ने जताई खुशी

पर्यटन कारोबारी जगदीश, रवि व दीपक ने बताया कि सोमवार को रोहतांग दर्रे में पर्यटकों का स्वागत बर्फ के फाहों से हुआ। बर्फबारी का नजारा देखकर पर्यटक बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि हालांकि दर्रे से बर्फ पिघलने लगी है, लेकिन हर रोज हो रहे हिमपात से दर्रा पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। 

शिंकुला व बारालाचा में भी झूम रहे पर्यटक

लाहुल के मशहूर पर्यटन स्थल शिंकुला व बारालाचा दर्रे में रविवार रात से हिमपात हो रहा है। हालांकि सभी दर्रे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल है, लेकिन हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है। लाहुल के पर्यटन कारोबारी लोवजंग, रणवीर व दीपक ने बताया कि बर्फबारी व बारिश से घाटी में ठंड बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि शिंकुला व बारालाचा दर्रे सैलानियों के स्नो प्वाइंट बने हुए हैं। 

Manali Rain

पर्यटन नगरी मनाली में बारिश व ठंडी हवाओं से मौसम ठंडा हो गया है, मॉल रोड पर गर्म कपड़े पहनकर घूमते लोग। जागरण 

2000 से अधिक वाहन पहुंचे वारालाचा व शिंकुला

सोमवार को दो हजार से अधिक वाहन दारचा होते हुए बारालाचा और शिंकुला दर्रे की ओर रवाना हुए। पर्यटकों ने हल्की बर्फबारी के बीच प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। कई वाहन लेह-लद्दाख की ओर भी रवाना हुए, जबकि कुछ पर्यटक वाहन चंद्रताल झील होते हुए स्पीति की ओर भी रवाना हुए। 

होटलों में 85 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी

सोमवार को अधिकतर पर्यटकों की वापसी के चलते होटलों में आक्यूपेंसी घटकर 85 प्रतिशत रह गई है। होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि समर सीजन अपने चरम पर है। सप्ताहांत के चलते मनाली में पर्यटकों का भारी जमावड़ा देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि जून के अंतिम सप्ताहांत में पर्यटकों का सैलाब उमड़ेगा। 

प्रशासन की एडवाइजरी

एसडीएम मनाली गुनजीत सिंह चीमा ने बताया कि घाटी में बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो रहा है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पहाड़ों का रुख करें।

यह भी पढ़ें: हिल स्टेशन शिमला में अब कीजिए साइकिल पर सैर, शहर में बनेंगे दो ट्रैक; नगर निगम का स्टैंड और पार्किंग पर जोर 

यह भी पढ़ें: कुल्लू के राफ्टिंग प्वाइंट में लगी भीषण आग, आठ राफ्ट जलने से लाखों रुपये का नुकसान