विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के पर्यटक बिना नंबर की थार में घूम रहे थे मनाली, डीएसपी ने उतारा गुमान; करवाया 3500 रुपये का चालान

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Updated: Sat, 28 Feb 2026 01:14 PM (IST)

मनाली में पंजाब के पर्यटकों को यातायात नियमों का उल्लंघन करना महंगा पड़ा। पुलिस ने नंबर प्लेट की जगह 'गुमान' लिखी थार गाड़ी के चालक पर कड़ी कार्रवाई की। डीएसपी मनाली के निर्देश पर वाहन का 3500 रुपये का चालान काटा गया।

मनाली में डीएसपी केडी शर्मा के निर्देश पर बिना नंबर प्लेट की थार का चालान किया गया।

मनाली में डीएसपी केडी शर्मा के निर्देश पर बिना नंबर प्लेट की थार का चालान किया गया।

HighLights

  1. पंजाब के पर्यटक ने मनाली में नियम तोड़ा।

  2. थार गाड़ी पर नंबर प्लेट की जगह 'गुमान' लिखा।

  3. पुलिस ने 3500 रुपये का चालान काटा।

जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली घूमने आए पंजाब के पर्यटकों को यातायात नियमों का उल्लंघन करना भारी पड़ा। हिमाचल प्रदेश पुलिस की कई हिदायतों व एडवायजरी के बावजूद कई पर्यटक नियमों को ठेंगा दिखाने में लगे हैं। मनाली पुलिस ने नंबर प्लेट की जगह गुमान लिखकर घूम रहे थार गाड़ी के चालक पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन चालक का 3500 रुपये का चालान काटा है। 

पुलिस ने उतारा गुमान

संगरूर के युवा थार गाड़ी में मनाली घूमने आए थे, इन्होंने अपनी थार गाड़ी की पिछली तरफ वाली नंबर प्लेट पर गुमान लिखा हुआ था, प्लेट से वाहन का नंबर गायब था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इनका गुमान उतारा और गाड़ी का चालान काटा। 

डीएसपी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि इसका पता चला तो उन्होंने त्वरित वाहन को पकड़ने के लिए ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को कहा। डीएसपी ने कहा कि थार गाड़ी में नंबर प्लेट की जगह गुमान लिखा हुआ था, जो यातायात नियमों की सरेआम अवहेलना है। पुलिस ने 3500 रुपये का चालान काटा है। 

पहाड़ों में नियमों की अनदेखी पड़ सकती है भारी

डीएसपी मनाली ने पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। वाहन पर नंबर प्लेट स्पष्ट होनी चाहिए, वाहन की प्लेट पर नंबर की जगह कुछ और लिखना यह नियमों का बिल्कुल उल्लंघन है। पहाड़ी मार्गों पर यातायात के नियमों का पालन न करना आपकी जान पर भी भारी पड़ सकता है। 

यह भी पढ़ें: शिमला के रामपुर में भीषण हादसा, खाई में गिरते ही वाहन में लगी आग, पांच लोग थे सवार

यह भी पढ़ें: SDM ओशिन को प्रोडक्ट प्रमोशन पर मुख्य सचिव की हिदायत, सरकारी कर्मचारी के लिए विज्ञापन करने के क्या हैं नियम