Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लाहौल स्पीति में काल बनी चट्टान, सड़क बहाल होते ही पांगी के लिए निकले थे, कुछ ही दूरी पर दफन हो गईं 13 जिंदगियां

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 07:26 PM (IST)

    लाहौल स्पीति के उदयपुर उपमंडल में कडू नाला के पास चट्टान गिरने से एक वाहन में सवार 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा कुल्लू मनाली से पांगी घाटी ...और पढ़ें

    कडू नाला में चट्टान गिरने से भीषण हादसा, 13 लोगों की मौत।

    कडू नाला में चट्टान गिरने से भीषण हादसा, 13 लोगों की मौत।

    HighLights

    1. लाहौल स्पीति के कडू नाला में चट्टान गिरने से 13 लोगों की मौत

    2. उदयपुर-पांगी मार्ग पर हुआ यह दर्दनाक सड़क हादसा

    3. बीआरओ के सड़क चौड़ीकरण से पहाड़ हुए अस्थिर

    जागरण संवाददाता, मनाली। लाहौल स्पीति जिला में उदयपुर उपमंडल के कडू नाले में दर्दनाक हादसा पेश आया है। कडू नाला में चट्टान गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई है। यह लोग कुल्लू मनाली से अपने घर पांगी घाटी की ओर जा रहे थे कि अचानक शुक्रवार (24 जुलाई, 2026) दोपहर कडू नाला के पास अचानक चट्टान टूटकर वाहन के ऊपर आ गिरी जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

    यह दुर्घटना उदयपुर से लगभग 32 किमी दूर घटी है। वाहन में सवार किसी भी व्यक्ति को संभलने का मौका ही नहीं मिला। चट्टान ने गाड़ी में सवार सभी लोगों को मौत की नींद सुला दिया। उदयपुर से पांगी जा रहे लोगों से इस घटना की सूचना जिला मुख्यालय केलंग व पांगी प्रशासन को दी।

    हादसे की सूचना मिलते ही उदयपुर से पुलिस की टीम घटनास्थल की ओर रवाना हुई। पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। हादसा इतना दर्दनाक था कि देखने वाले की आंखें खुले की खुली रह गई। पुलिस ने शवों को गाड़ी से बाहर निकाला। यह सभी लोग कुल्लू मनाली से वीरवार को पांगी की ओर निकले थे।

    उदयपुर पहुंचने पर इन्हें पता चला कि कडू नाला में रास्ता बंद है। यह सभी लोग उदयपुर से आगे तिदी में रुक गए थे। शुक्रवार सुबह सड़क बहाल होने की सूचना मिलते ही वो पांगी की ओर निकले थे कि कुछ ही दूरी का सफर तय करने के बाद सड़क पर गिरी चट्टान का शिकार हो गए।

    खबरें और भी

    मृतकों की सूची

    13 शवों में से 12 की पहचान हो गई है जबकि एक शव की अभी शिनाख्त नहीं हुई है।

    1. बीर सिंह पुत्र सुरम चंद, गांव घिसल डाकघर साच तहसील पांगी जिला: चंबा, उम्र लगभग 35 वर्ष
    2. बीर सिंह पुत्र लाल चंद, गांव शुण डाकघर उदयपुर लाहौल स्पीति
    3. बुद्धि सिंह पुत्र सांवल दास, डाकघर साच पांगी जिला चंबा
    4. कमला कुमारी पत्नी बुद्धि सिंह डाकघर साच पांगी जिला चंबा
    5. अनिल कुमार पुत्र हरि कृष्ण वीपीओ साच पांगी जिला चंबा
    6. रेखा पुत्री महेंद्र कुमार, गांव हिलोल डाकघर शाली पांगी चंबा उम्र 24
    7. सौरभ सिंह पुत्र बीर सिंह, वीपीओ हासिल साच, पांगी जिला चंबा
    8. अंजना पुत्री चैन सिंह, वीपीओ सत्ती पांगी जिला चंबा
    9. सोमन अंग्मो पत्नी छेरिंग दोरजे, गांव: छलिंग, डाकघर उदयपुर जिला लाहौल स्पीति
    10. आरू पुत्र छेरिंग दोरजे, गांव छलिंग डाकघर उदयपुर लाहौल स्पीति उम्र: 6 माह
    11. संजय कुमार पुत्र मोहन लाल, वीपीओ कुमार पांगी जिला चंबा
    12. हंसराज वीपीओ धरवास पांगी जिला चंबा

    गाड़ी छूट गई तो पत्नी और 6 माह की बेटी को तिदी छोड़ने गया छेरिंग

    लाहौल के मयाड़ घाटी के छेरिंग को जैसे ही पत्नी सोनम आगमों व छ महीने की बेटी आरू की मौत का समाचार मिला तो उसकी आंखों में अंधेरा छा गया। दर्दनाक बात यह है कि वीरवार को मनाली आ रहा यह वाहन जब उनकी पत्नी से छूट गया तो वह उन्हें अपने वाहन में पहुंचाने तिदी की ओर निकल पड़ा।

    वह उन्हें तिदी छोड़ने के बाद उदयपुर वापस लौट आया कि कुछ घंटों बाद उसे यह दुखभरी सूचना मिल गई। छेरिंग की पत्नी अपनी बेटी के साथ अपने मायके पांगी जा रही थी।

    70 से 80 किमी का सफर भगवान भरोसे

    उदयपुर से जब पांगी की ओर निकलते है तो मन में आशंका रहती है कि पांगी सुरक्षित पहुंचेंगे कि नहीं। कुछ साल पहले बीआरओ ने उदयपुर पांगी सड़क को चौड़ा करने का कार्य शुरू किया है। पहाड़ों को काटने के बाद वे कमजोर हो गए हैं। इस कारण जब मर्जी चट्टानें सड़क पर गिर रही है। कब चट्टान गिर जाए किसी को पता नहीं।

    यह कडू नाला कई सालों से पांगी घाटी के लोगों को खून के आंसू रुला रहा है। कभी लोग गाड़ी में रात काटते है तो कभी इस तरह की घटनाओं का शिकार होते है। तिदी घाटी के ग्रामीण अनिल, दीपक, सोनम व रमेश ने बताया कि बीआरओ ने जब से सड़क को चौड़ा करने का कार्य शुरू किया है तब से वो लोग इस तरह की दिक्कत का सामना के रहे है।

    उन्होंने कहा कि उदयपुर से पांगी के शोर तक सड़क में पहाड़ी से पत्थर व चट्टानें गिरती है। उन्होंने बीआरओ से आग्रह किया कि कडू नाला के पास जानलेवा हो चुके प्वाइंट पर जवान तैनात हो ताकि आते जाते लोगों को वो सतर्क कर सके। उन्होंने बीआरओ से आग्रह किया कि इस गम्भीर समस्या का शीघ्र समाधान हो।

    लाहौल को श्रीनगर से जोड़ता है यह मार्ग

    तांदी संसारी मार्ग आगे श्रीनगर को लाहौल स्पीति से जोड़ता है। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस मार्ग को डबल लेन बनाया जाना प्रस्तावित है। बीआरओ ने हालांकि जम्मू की ओर इसे चकाचक बना दिया है लेकिन उदयपुर से संसारी तक इसका कार्य शेष है। पर्यटन की दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण है। पर्यटक अब लाहौल से घूमते हुए किश्तवाड़ होकर सीधा श्रीनगर जा सकते है।

    उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि जिला आपदा नियंत्रण कक्ष केलंग, पटवारी तिंदी तथा 94 आरसीसी बीआरओ से सूचना मिली कि संसारीनाला -किलाड़ - थिरोट -तादी सड़क पर कडू नाला के समीप भूस्खलन एवं चट्टान गिरने की घटना में एक टाटा सूमो चपेट में आकर दब गई। इसमें 13 लोगों की दुःखद घटना में मृत्यु हुई है।

    उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, सीमा सड़क संगठन तथा अन्य संबंधित एजेंसियों द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि त्वरित कार्यवाही करते हुए घटनास्थल पर पुलिस दल पहुंच चुका है तथा बीआरओ की बचाव टीम मलबा हटाने एवं खोज एवं बचाव कार्य में लगातार जुटी रही। उन्होंने बताया कि अभी शवों को निकाल लिया गया है।