विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'नशे की खुलेआम बिक्री पुलिस-प्रशासन की बड़ी नाकामी', कंगना रनौत को फिर आया गुस्सा; बोलीं- संपत्ति जब्त करो इनकी

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 07 Sep 2026 02:10 PM (IST)Updated: Mon, 07 Sep 2026 02:23 PM (IST)

सांसद कंगना रनौत ने कुल्लू में दिशा बैठक के दौरान नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताई और पुलिस-प्रशासन को अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

कुल्लू में दिशा की बैठक की अध्यक्षता करतीं सांसद कंगना रनौत। जागरण

कुल्लू में दिशा की बैठक की अध्यक्षता करतीं सांसद कंगना रनौत। जागरण

HighLights

  1. सांसद कंगना रनौत ने कुल्लू में नशे पर चिंता जताई।

  2. पुलिस-प्रशासन को अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश।

  3. नशा तस्करों की संपत्ति जब्त करने की मांग की।

संवाद सहयोगी, कुल्लू। मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने सोमवार को कुल्लू में दिशा की समीक्षा बैठक के दौरान जिले में बढ़ते नशे के प्रचलन पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि युवाओं में बढ़ता नशे का प्रचलन पूरी पीढ़ी को खोखला कर रहा है और हिमाचल जैसे शांत राज्य को भी इसकी चपेट से बचाना जरूरी है।

कंगना रनौत ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार और खुलेआम बिक्री पर लगाम न लग पाना पुलिस-प्रशासन की बड़ी नाकामी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल खानापूर्ति से काम नहीं चलेगा, बल्कि नशे के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई करनी होगी।

नरमी बरतने के बजाय कड़े कदम उठाए जाएं

सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बार-बार अपराध करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी न बरती जाए। नशा तस्करों की संपत्ति जब्त करने जैसे कड़े कदम उठाए जाएं, ताकि समाज में कानून का स्पष्ट संदेश जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर नशे का नेटवर्क किसकी शह पर फल-फूल रहा है और इसके पीछे मौजूद लोगों तक कार्रवाई क्यों नहीं पहुंच रही।

नशे के खिलाफ मजबूत कानून की आवश्यकता

उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस और प्रशासन नशे के नेटवर्क को जड़ से तोड़ने के लिए सख्त कदम नहीं उठाएंगे, तब तक समस्या पर पूरी तरह काबू पाना मुश्किल है। सांसद ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के साथ मिलकर सख्त कानून लागू करने तथा निगरानी तंत्र मजबूत करने की आवश्यकता जताई।

 

यह भी पढ़ें: विदेशी पर्यटकों की पसंद बना हिमाचल प्रदेश, ब्रिटेन से सबसे ज्यादा सैलानी पहुंचे; अमेरिका दूसरे नंबर पर