भक्तों पर न आए आंच, इसलिए खुद पर बिजली गिरा लेते हैं महादेव; कुल्लू में 7874 फीट की ऊंचाई पर स्थित है मंदिर
कुल्लू के बिजली महादेव मंदिर में हर 12 साल में शिवलिंग पर बिजली गिरने की अनोखी मान्यता है, जहां शिव भक्तों की रक्षा के लिए स्वयं बिजली झेलते हैं। ...और पढ़ें

कुल्लू का बिजली महादेव मंदिर। जागरण आर्काइव
HighLights
कुल्लू में 7874 फीट ऊंचे बिजली महादेव मंदिर की आस्था।
शिवलिंग पर हर 12 साल में गिरती है आकाशीय बिजली।
सावन माह में दर्शन, भंडारे का विशेष महत्व।
जागरण टीम, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित बिजली महादेव मंदिर के प्रति लोगों में गहरी आस्था है। सावन महीने में बिजली महादेव के दर्शन का विशेष महत्व है। देश-विदेश के श्रद्धालु बिजली महादेव के दर्शन करने के लिए आते हैं। बिजली महादेव मंदिर समुद्रतल से करीब 7874 फीट की ऊंचाई पर स्थित है।
मंदिर का इतिहास
भारत में भगवान शिव के अनेक अद्भुत मंदिर हैं उन्हीं में से एक है कुल्लू का बिजली महादेव। यह मंदिर कुल्लू शहर में ब्यास और पार्वती नदी के संगम के पास एक ऊंचे पर्वत पर है। मान्यता है कि कुल्लू की यह घाटी एक विशालकाय सांप का रूप है। इस सांप का वध भगवान शिव ने किया था। जिस स्थान पर मंदिर है, वहां शिवलिंग पर हर 12 साल में एक बार आकाशीय बिजली गिरती है। बिजली गिरने से शिवलिंग खंडित हो जाता है। मान्यता है कि भगवान शिव भक्तों पर आंच न आए, इसलिए खुद पर बिजली गिरा लेते हैं।

पुजारी खंडित शिवलिंग को एकत्र कर मक्खन के साथ इसे जोड़ देते हैं। कुछ ही माह बाद शिवलिंग एक ठोस रूप में परिवर्तित हो जाता है।
मंदिर की विशेषता
बिजली महादेव क्षेत्र में आनी वाली विपदा को अपने ऊपर ले लेते हैं। 12 साल में एक बार बिजली गिरने से बिजली महादेव मंदिर में स्थित शिवलिंग खंडित हो जाता है। मान्यता है कि बिजली से आसपास के क्षेत्रों में कोई नुकसान न हो इसलिए महादेव खुद पर बिजली गिरा लेते हैं। हर विपदा को महादेव बिजली के रूप में अपने ऊपर समा लेते हैं, ताकि क्षेत्र में सुख समृद्धि बनी रहे।
मनोकामना पूरी होने पर सावन माह बिजली महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालु भंडारा लगाते हैं। जैसे ही भक्तों की मनोकामना पूरी होती है वे महादेव के दरबार में माथा टेकने के लिए पहुंचते हैं।
सावन महीने के चलते मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर कमेटी ने सभी तैयारियां कर ली हैं। मंदिर कमेटी ने महादेव परिसर में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। महादेव के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से अपील है कि मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था का स्वयं ही उचित ध्यान रखे हैं।
-हेम राज, सलाहकार बिजली महादेव मंदिर कमेटी।
श्रद्धालु नियमों का पालन करें
बिजली महादेव कुल्लू के कारदार विनेंद्र सिंह जम्वाल का कहना है कि बिजली महादेव के साथ लोगों की गहरी आस्था है। यहां हजारों श्रद्धालु महादेव के दर्शन करने के लिए आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर कमेटी ने सभी कार्य कर लिए हैं। श्रद्धालु मंदिर परिसर में ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे देव आस्था को ठेस पहुंच सके।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में दो दिन भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी, सप्ताहभर के लिए अलर्ट; आजादी के पर्व पर कैसा रहेगा मौसम?