शिमला-मटौर फोरलेन: 8 के बजाय 5 घंटे में होगा सफर, कांगड़ा से हमीरपुर रोड अक्टूबर तक चकाचक होगा
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण शिमला-मटौर फोरलेन के चौथे व पांचवें पैकेज को अक्टूबर अंत तक यातायात के लिए खोलने की तैयारी में है। इसका उद्घाटन नव ...और पढ़ें

शिमला-मटौर फोरलेन पर बालूगलोआ में बन रहा पुल। जागरण।
HighLights
शिमला-मटौर फोरलेन के चौथे-पांचवें पैकेज अक्टूबर तक खुलेंगे।
कांगड़ा से हमीरपुर का सफर अब एक घंटे में।
धर्मशाला से शिमला की यात्रा पांच घंटे में होगी।
रितेश ग्रोवर, कांगड़ा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने शिमला-मटौर फोरलेन परियोजना के चौथे और पांचवें पैकेज को अक्टूबर अंत तक यातायात के लिए आरंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। परियोजना का कार्य समय पर पूरा होने की स्थिति में नवंबर में इसके उद्घाटन की तैयारी है। इसके लिए विभागीय स्तर पर पत्राचार आरंभ हो चुका है।
फोरलेन परियोजना पूरी होने के बाद शिमला और कच्छियारी यानी कांगड़ा के बीच की दूरी करीब 28 किलोमीटर कम होकर 195 रह जाएगी। धर्मशाला से शिमला का सफर भी करीब आठ घंटे से घटकर पांच घंटे होने की उम्मीद है।
हमीरपुर का सफर एक घंटा व कुछ मिनटों में होगा
वर्तमान में जहां इस दूरी को तय करने में करीब दो घंटे लगते हैं, लेकिन फोरलेन शुरू होने के बाद कांगड़ा से हमीरपुर पहुंचने में एक घंटा कुछ मिनट लगने की उम्मीद है। कच्छियारी से हमीरपुर बाईपास तक करीब 62 किलोमीटर लंबे फोरलेन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। कच्छियारी से ज्वालामुखी के बीच रियुंद और बालुग्लोआ पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। लगातार हो रही वर्षा के कारण निर्माण कार्य की गति प्रभावित हुई है।
रियुंद और बालुग्लोआ पुल लगभग तैयार
एनएचएआइ ने रियुंद पुल को सितंबर के अंत तक और बालुग्लोआ पुल को अक्टूबर तक शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। रियुंद पुल के एक हिस्से में स्लैब डालने का कार्य शेष है। रियुंद पुल के बीच सड़क पर सीमेंट के सभी स्पैन रखे जा चुके हैं और कंक्रीट डालने के लिए शटरिंग का कार्य किया जा रहा है।
बालुग्लोआ पुल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन इससे जुड़ा सड़क निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
1800 करोड़ से बन रहा कच्छियारी से हमीरपुर तक फोरलेन
शिमला-मटौर फोरलेन परियोजना के तहत कच्छियारी से हमीरपुर क्षेत्र के चीलबाहल तक का प्रोजेक्ट करीब 1800 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। इस मार्ग पर रियुंद और बालुग्लोआ पुलों का कार्य पूरा होने के बाद कच्छियारी से हमीरपुर के बीच यातायात शुरू करने का रास्ता साफ हो जाएगा।
खबरें और भी
पांच पैकेज में बंटा शिमला-मटौर फोरलेन
शिमला-मटौर फोरलेन परियोजना को पांच पैकेज में बांटा है। पहला पैकेज शिमला से भराड़ीघाट, दूसरा भराड़ीघाट से भगेड़, तीसरा भगेड़ से हमीरपुर, चौथा हमीरपुर से ज्वालामुखी और पांचवां ज्वालामुखी से मटौर तक है। चौथे और पांचवें पैकेज का कार्य पूरा होने के बाद कांगड़ा से हमीरपुर के बीच का सफर का समय काफी कम हो जाएगा।
क्या कहते हैं प्रोजेक्ट डायरेक्टर
एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राकेश यादव ने बताया कि कच्छियारी से हमीरपुर फोरलेन का कार्य अंतिम चरण में है। नवंबर में इस पैकेज के उद्घाटन के लिए विभागीय पत्राचार शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि चौथे और पांचवें पैकेज के शुरू होने के बाद कांगड़ा से हमीरपुर की दूरी करीब एक घंटा कुछ मिनट में तय की जा सकेगी।