हिमाचल और पंजाब में बच्चों की खरीद फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, बच्चा गोद लेने के लिए पैसे मांगे तो खुला राज
हिमाचल प्रदेश में बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। कांगड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक कुमार को जालंधर से गिरफ्त ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने बच्चों की खरीद फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हिमाचल में बच्चों की खरीद-फरोख्त गिरोह का पर्दाफाश।
मुख्य आरोपी दीपक कुमार जालंधर से गिरफ्तार किया गया।
पंजाब के बटाला से महिला रितु भी पकड़ी गई।
संवाद सूत्र, डाडासीबा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जिला कांगड़ा के तहत संसारपुर टैरेस पुलिस थाना की टीम ने मामले में मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद अब एक महिला को गिरफ्तार किया है। पहले से गिरफ्तार आरोपित पुलिस रिमांड पर है। उससे की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपित महिला को बटाला (पंजाब) से गिरफ्तार किया है।
जालंधर से पकड़ा था मुख्य आरोपित
पुलिस अधीक्षक देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की। मामले की जांच थाना प्रभारी संजय के नेतृत्व में की। टीम ने तकनीकी आधार पर लोकेशन ट्रेस कर मुख्य आरोपित दीपक कुमार निवासी पुराना कांगड़ा को जालंधर से गिरफ्तार किया था।
बच्चा गोद देने की एवज में मांगे थे 23,500 रुपये
पुलिस जांच में सामने आया है कि दीपक कुमार कथित रूप से बच्चों की खरीद-फरोख्त करता था। आरोप है कि उसने संसारपुर टैरेस निवासी रोहित कुमार को बच्चा गोद देने की एवज में 23,500 रुपये की मांग की थी। रोहित कुमार ने पहले दीपक के बैंक खाते में 10,000 रुपये जमा करवा दिए थे, लेकिन शेष राशि नहीं दी थी।
धोखाधड़ी के शक में पहुंचा था पुलिस के पास
रोहित को लगा कि उसके साथ धोखाधड़ी हो रही है। इसके बाद उसने डाडासीबा के डीएसपी राज कुमार से शिकायत की और इसके आधार पर थाना संसारपुर टैरेस में मामला दर्ज किया था।
खबरें और भी
बच्चों को आगे बेचने के नेटवर्क से जुड़ी महिला
जांच के दौरान 47 वर्षीय रितु निवासी बटाला का नाम भी सामने आया है, जो कथित तौर पर बच्चों को आगे बेचने के नेटवर्क से जुड़ी हुई बताई जा रही है। इस मामले की छानबीन में एसपी देहरा मयंक चौधरी, एएसपी आरपी जसवाल व डीएसपी राज कुमार भी शामिल रहे। दीपक कुमार छह दिन के पुलिस रिमांड पर है। एसपी ने कहा कि यह अंतरराज्यीय गिरोह है।