विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Kangra News: जिला कांगड़ा में आसमान से बरसी आफत, थुरल में सड़क पर आ गई दरारें, कई भवन ध्वस्त

Published: Wed, 17 Sep 2025 01:35 PM (IST)

Himachal Pradesh Kangra Disaster जिला कांगड़ा में भारी बारिश और भूस्खलन ने तबाही मचाई है। कई मकान और पशुशालाएं क्षतिग्रस्त ...और पढ़ें

जिला कांगड़ा में बछवाई पंचायत के गुजरेड़ा में ध्वस्त सड़क व गगल ढहा भवन और खड़े प्रभावित। जागरण
जिला कांगड़ा में बछवाई पंचायत के गुजरेड़ा में ध्वस्त सड़क व गगल ढहा भवन और खड़े प्रभावित। जागरण

जागरण टीम, धर्मशाला। Himachal Pradesh Kangra Disaster, जिला कांगड़ा में हुई भारी बारिश ने कहर बरपाया है। कई स्थानों पर मकान और पशुशालाएं गिर गई हैं। उपमंडल कांगड़ा में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। पालमपुर के थुरल क्षेत्र के गुजरेड़ा गांव में करीब 14 परिवार आपदा से प्रभावित हुए हैं। सड़कों पर दरारें पड़ गई हैं और भूस्खलन से सभी रास्ते बंद हो गए हैं।

प्रशासन ने राशन, टेंट, दवाएं व अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रभावितों तक पहुंचाई हैं। पूर्व बीडीसी सदस्य कैप्टन संसार चंद व कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह छह बजे प्रबावितों को राहत देने पहुंचे। 

सद्द्ं में मकान गिरा

नगरोटा बगवां के तहत बड़ोह तहसील की सद्दूं पंचायत में सोमवार रात राम चंद पुत्र रसीला राम का मकान गिर गया। इसकी सूचना सद्दूं पंचायत प्रधान अर्चना कुमारी व एंटी टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष बलविंद्र सिंह बबलू को दी। इसके बाद बलविंद्र सिंह ने एसडीएम मुनीष शर्मा को सूचित किया। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को स्कूल भवन में शिफ्ट कर दिया है। टीका खज्जी में भी एक मकान गिरा है। पीड़ित परिवार ने पड़ोसियों के घर में शरण ली है।

बग गुलेहड़ पंचायत के टीका भाटी में स्लेटपोश मकान व पशुशाला को नुकसान पहुंचा है। वार्ड पंच सुशील कुमार के मुताबिक अशोक कुमार की पशुशाला को डंगा गिरने से नुकसान हुआ है। भूपिंदर सिंह के स्लेटपोश मकान को दीवार व डंगा गिरने से क्षति पहुंची है। 

दुरगेला में मकान को नुकसान

शाहपुर में दुरगेला निवासी सुभाष चंद पुत्र कांशी राम का एकमात्र कमरा ढह गया है। मजबूरी में वह पास की एक दुकान के बरामदे में रात गुजार रहा है। रोटरी क्लब शाहपुर के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला साक्षरता चेयर रोटेरियन गंधर्व पठानिया व रोटेरियन करनैल चौहान ने पंचायत प्रधान भारती व वार्ड सदस्यों के साथ मौके का मुआयना किया।

इसके बाद बैठक कर निर्णय लिया कि पंचायत व लोगों के सहयोग से सुभाष चंद के लिए शीघ्र कमरे का निर्माण करवाया जाएगा। गंधर्व पठानिया व करनैल चौहान ने दानी सज्जनों से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में योगदान दें।

कांगड़ा की खोली पंचायत में ज्यादा नुकसान

विकास खंड कांगड़ा की खोली पंचायत में आठ, नंदरूल व जमानाबाद में दो-दो और नगर परिषद कांगड़ा के वार्ड नौ में पशुशाला क्षतिग्रस्त हुई है। खोली पंचायत प्रधान केवल चौधरी ने बताया कि अनिल कुमार, सुरेश, संजय धीमान, सुरेश सैनी, सुभो देवी व निशू कुमार का कच्चा मकान, टिंकू का रसोईघर व मिल्खी राम की पशुशाला क्षतिग्रस्त हुए हैं।

नंदरूल पंचायत के वार्ड पांच में प्रदीप कुमार पुत्र बिहारी लाल व चुन्नी लाल पुत्र संत राम का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। जमानाबाद पंचायत के वार्ड पांच में पशुशाला, वार्ड नौ में कच्चा मकान व वार्ड तीन में पशुशाला को नुकसान पहुंचा है। नगर परिषद कांगड़ा के वार्ड नौ में सीमा देवी की पशुशाला गिर गई है। कुल्थी पंचायत के वार्ड छह चौंधा में कमला देवी पत्नी स्वर्गीय दीनानाथ की पशुशाला गिर गई। ढुगियाल में पक्के मकान को खतरा पैदा हो गया है। पंचायत उपप्रधान रामकृष्ण ने मौके पर जाकर जायजा लिया।

यह भी पढ़ें- Pong Dam: पौंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान से पांच फीट ऊपर, कांगड़ा से लेकर पंजाब तक अलर्ट

काहनफट में दो मकान गिरे

भवारना के तहत काहनफट पंचायत के सिंबल लाहड़ गांव में रमेश चंद के कच्चे मकान के दो कमरे गिर गए। प्रभावित परिवार ने पड़ोसियों के साथ सामान निकालकर रिश्तेदारों के मकान में रखा। रमेश चंद के परिवार को रहने के लिए ठिकाना नहीं है। रमेश चंद का परिवार बीपीएल की श्रेणी में आता है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।

यह भी पढ़ें- ...तो ब्यास-सतलुज में रेत-बजरी का बढ़ता बोझ तबाही का कारण, कितने फीट बढ़ गया नदियों का धरातल, क्या हैं पाबंदियां?