Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नगर निगम चुनाव: धर्मशाला और पालमपुर में भाजपा-कांग्रेस की कड़ी परीक्षा, इन दिग्गजों की साख भी लगी दांव पर

    By Dinesh Katoch Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Sun, 17 May 2026 06:35 AM (IST)

    धर्मशाला और पालमपुर नगर निगम चुनावों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर है, जहां आज मतदान के साथ उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। इन ...और पढ़ें

    धर्मशाला और पालमपुर नगर निगम में भाजपा व कांग्रेस में कड़ी टक्कर होगी। प्रतीकात्मक फोटो

    धर्मशाला और पालमपुर नगर निगम में भाजपा व कांग्रेस में कड़ी टक्कर होगी। प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. धर्मशाला, पालमपुर नगर निगम चुनावों के लिए आज मतदान।

    2. भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी चुनावी टक्कर।

    3. कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा इन चुनावों से जुड़ी।

    दिनेश कटोच, धर्मशाला। सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे नगर निकाय चुनाव में जीत के लिए भाजपा और कांग्रेस ने पूरा जोर लगा दिया है। आज रविवार को मतदान का दिन है। प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। नगर निगम धर्मशाला की बात करें तो अभी यहां कांग्रेस का महापौर और भाजपा का उपमहापौर था, ऐसे में दोनों पार्टियां यहां अपना महापौर और उपमहापौर देखना चाहती हैं। धर्मशाला नगर निगम चुनाव भाजपा और कांग्रेस के वर्चस्व की जंग बन गया है।

    धर्मशाला व पालमपुर की 32 सीटों के लिए कांग्रेस व भाजपा सहित कुल 88 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला आज होगा।

    धर्मशाला में 10 व 7 था स्कोर

    धर्मशाला नगर निगम के 2021 के चुनाव में 17 वार्ड में 10 पर भाजपा व 7 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी और इस बार दोनों दल अधिक से अधिक सीटें प्राप्त करना चाहेंगे।

    15 में से 11 सीटें रही थीं कांग्रेस के नाम

    नगर निगम पालमपुर के चुनाव में भाजपा यहां पर अपनी खोई हुई साख को वापस पाने के लिए चुनाव मैदान में है जबकि कांग्रेस यहां से अपनी सीटों को पहले के मुकाबले और अधिक बढ़ाना चाहेगी। पालमपुर नगर निगम में 2021 के चुनाव में 15 वार्ड वाले नगर निगम में कांग्रेस ने 11 सीटें जीती थी व भाजपा को दो सीटें जीतकर संतोष करना पड़ा था, जबकि दो पार्षद निर्दलीय चुनाव जीते थे। इस नगर निगम में महापौर व उपमहापौर के पदों पर कांग्रेस का ही कब्जा था।

    धर्मशाला में सुधीर की भी प्रतिष्ठा का सवाल

    भाजपा विधायक सुधीर को नगर निगम धर्मशाला की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में यह चुनाव उनकी भी प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। वहीं कांग्रेस ने पहले यहां पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली को प्रभारी लगाया था, लेकिन निजी कारणों से उन्होंने चुनाव से दूर रहने का आग्रह किया था। इसके बाद पूर्व राज्यसभा सदस्य विप्लव ठाकुर को यहां का प्रभारी बनाया है। अब यह देखना रोचक होगा कि किसकी रणनीति सफल रहती है।

    खबरें और भी

    पालमपुर में ये थे खेवनहार

    पालमपुर में यह कांग्रेस की ओर से तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी व विधायक आशीष बुटेल व भाजपा से विधायक विपिन सिंह परमार पर मुख्य रुप से जिम्मेवारी सौंपी गई थी। 

    भाजपा और कांग्रेस के इन बड़े नेताओं ने किया प्रचार

    कांग्रेस से मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, राज्य सभा सांसद अनुराग शर्मा, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, आयुष मंत्री यादविन्द्र गोमा, विधायक आशीष बुटेल, भवानी सिंह पठानिया सहित कई अन्य नेताओं ने चुनाव प्रचार किया है। उधर भाजपा की और से नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश पार्टी प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सांसद अनुराग ठाकुर, डा. राजीव भारद्वाज, राज्य सभा सांसद डा. सिंकदर कुमार, पूर्व मंत्री व विधायक बिक्रम ठाकुर, पवन काजल, विपिन सिंह परमार, त्रिलोक कपूर सहित अन्य नेता चुनाव प्रचार के दौरान मौजूद रहे थे।