Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हमीरपुर के भोरंज में टूटी हाई-टेंशन लाइन, ग्रामीणों व बिजली बोर्ड ने 3 घंटे में बहाल की सप्लाई

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 12:04 PM (IST)

    भोरंज के पपलाह पंचायत के सासन गांव में मंगलवार रात 11 केवी की मुख्य बिजली लाइन टूट गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ...और पढ़ें

    सासन में 11 केवी मेन लाइन अचानक टूटी (फोटो: जागरण)

    सासन में 11 केवी मेन लाइन अचानक टूटी (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. सासन में 11 केवी मुख्य बिजली लाइन अचानक टूटी।

    2. तेज धमाके और चिंगारियों से बड़ा हादसा टल गया।

    3. ग्रामीणों व विभाग ने तीन घंटे में आपूर्ति बहाल की।

    संवाद सहयोगी, भोरंज। विद्युत उपमंडल भरेड़ी के अंतर्गत पपलाह पंचायत के सासन गांव के समीप मंगलवार रात करीब 8:45 बजे 11 केवी की मुख्य बिजली लाइन अचानक टूट जाने से बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया।

    तार टूटते ही तेज धमाके के साथ आग की लपटें उठीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्य लाइन का एक हिस्सा सुरक्षा तार पर लटक गया, जबकि दूसरा हिस्सा भरेड़ी-बस्सी सड़क पर गिर पड़ा। सौभाग्य से उस समय सड़क पर न तो कोई वाहन गुजर रहा था और न ही कोई पैदल राहगीर मौजूद था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

    घटना की सूचना मिलते ही पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने तुरंत विद्युत विभाग को अवगत कराया। सूचना मिलते ही विभाग के कनिष्ठ अभियंता पंकज तथा पवन भाटिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया और करीब रात्रि 11 बजे बिजली आपूर्ति सफलतापूर्वक बहाल कर दी गई।

    पपलाह पंचायत के प्रधान सुरेंद्र जरियाल ने कहा कि यदि यह तार किसी वाहन या राहगीर पर गिर जाती तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने समय रहते विभाग की कार्रवाई और ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की।

    वहीं, विद्युत उपमंडल भरेड़ी के सहायक अभियंता संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रात में ही क्षतिग्रस्त 11 केवी लाइन की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।