विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमीरपुर के युवक की साउथ अफ्रीका में स्विमिंग पूल में संदिग्ध हालात में मौत, घर में चल रही थी शादी की तैयारी

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 13 Apr 2026 02:52 PM (IST)

हमीरपुर के बड़सर उपमंडल के महारल पंचायत निवासी 26 वर्षीय अमन कुमार की साउथ अफ्रीका में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ...और पढ़ें

हमीरपुर निवासी अमन का स्विमिंग पूल में शव मिला है।

हमीरपुर निवासी अमन का स्विमिंग पूल में शव मिला है।

HighLights

  1. हमीरपुर के अमन कुमार की साउथ अफ्रीका में संदिग्ध मौत।

  2. युवक का शव स्विमिंग पूल में मिलने से गहराया रहस्य।

  3. घर में चल रही थी शादी की तैयारी, परिवार ने मांगी मदद।

रवि ठाकुर, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर निवासी एक युवक की साउथ अफ्रीका में संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। उपमंडल बड़सर के ढटवाल क्षेत्र की पंचायत महारल में यह सूचना मिलते ही शोक का माहौल है। पंचायत के काली चीक गांव के 26 वर्षीय अमन कुमार की साउथ अफ्रीका में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

उसका शव एक स्विमिंग पूल में मिलने से मामला रहस्यमय बन गया है और कई सवाल खड़े हो गए हैं। 

परिवार का सहारा छिना

जानकारी के अनुसार अमन कुमार पिछले वर्ष दीपावली के बाद रोजगार के सिलसिले में साउथ अफ्रीका गया था, जहां वह एक होटल में कार्यरत था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक आई इस खबर ने सभी सपनों को तोड़कर रख दिया।

घर में चल रही थी शादी की तैयारियां

बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले अमन ने केरल की एक युवती के साथ कोर्ट मैरिज की थी और परिवार उसके घर लौटने का इंतजार कर रहा था। घर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की तैयारियां चल रही थी, लेकिन यह खुशियां अब मातम में बदल गई हैं।

अमन था इकलौता बेटा

अमन माता-पिता का इकलौता बेटा था, जबकि उसकी दो बहनों की पहले ही शादी हो चुकी है। पिता उधम सिंह मेहनत-मजदूरी के साथ-साथ शादियों में बैंड बजाने का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में बेटे को पढ़ाया-लिखाया और होटल मैनेजमेंट का कोर्स करवाया, जिसके बाद अमन विदेश गया था।

शव पहुंचने में लग सकता है लंबा समय

घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अमन के पिता ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि उनके बेटे का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए। फिलहाल बताया जा रहा है कि पार्थिव शरीर को भारत पहुंचने में 15 से 20 दिन का समय लग सकता है।

गत वर्ष काथला निवासी की भी हुई थी अफ्रीका में मौत

उल्लेखनीय है कि करीब एक वर्ष पहले समीपवर्ती काथला गांव के एक युवक की भी साउथ अफ्रीका में इसी तरह मौत हो चुकी है। लगातार दूसरी घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है तथा लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

क्या कहते हैं पूर्व पंचायत प्रधान

महारल पंचायत के पूर्व प्रधान विजय धीमान का कहना है कि अमन कुमार की साउथ अफ्रीका में मौत की सूचना अत्यंत दुखद है। वह घर का इकलौता बेटा था और परिवार उसके लौटने का इंतजार कर रहा था। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पार्थिव शरीर कब तक घर पहुंचेगा, इस बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं है।

यह भी पढ़ें: मंडी कॉलेज छात्रा हत्याकांड: दराट से हमला करने के बाद खेतों में छिप गया था आरोपित, बेकाबू भीड़ पड़ी पीछे