विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मणिमहेश यात्रा: इस बार 4 हेलीकॉप्टर भरेंगे उड़ान, ऑनलाइन बुकिंग शुरू; कब से मिलेंगी हेली टैक्सी की सेवाएं?

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 22 Aug 2026 02:25 PM (IST)Updated: Sat, 22 Aug 2026 02:52 PM (IST)

मणिमहेश यात्रा के लिए इस बार होली और भरमौर दोनों स्थानों से गौरीकुंड के लिए कुल चार हेली टैक्सी सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिनकी ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है।

मणिमहेश यात्रा के लिए इस बार 4  हेलीकॉप्टर सेवाएं देंगे। जागरण आर्काइव

मणिमहेश यात्रा के लिए इस बार 4 हेलीकॉप्टर सेवाएं देंगे। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. होली और भरमौर से गौरीकुंड के लिए 4 हेलीकॉप्टर।

  2. हेली टैक्सी की ऑनलाइन बुकिंग अब शुरू हो गई है।

  3. होली से गौरीकुंड किराया ₹6255, भरमौर से ₹3828।

जागरण टीम, होली (चंबा)। उत्तर भारत की पवित्र मणिमहेश यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों को इस बार भी भरमौर के अलावा होली हेलीपैड से भी गौरीकुंड के लिए हेली टैक्सी सेवा उपलब्ध होगी। भरमौर व होली से गौरीकुंड के लिए दो-दो हेली टैक्सी उड़ेंगी। भरमौर से गौरीकुंड तक थंबी एविएशन व राजस एयरोस्पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड सेवाएं देंगी। वहीं होली से गौरी कुंड के लिए थंबी एविएशन व चिप्स एविएशन विमानन कंपनियां श्रद्धालुओं के लिए हेली टैक्सी सुविधा उपलब्ध करवाएंगी। 

25 अगस्त को पहुंच जाएंगे हेलीकॉप्टर

विमानन कंपनियों के एक्सपर्ट व कुछ कर्मचारी होली व भरमौर पहुंच गए हैं। व्यवस्थाओं व मौसम आदि की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। होली पहुंची टीम के अनुसार 25 अगस्त तक दोनों कंपनियों के हेलीकाप्टर होली व भरमौर पहुंच जाएंगे। लिहाजा आधिकारिक यात्रा शुरू होने से पहले ही मणिमहेश पहुंचने वाले शिवभक्तों के लिए यह हेली टैक्सी सेवा मिलना शुरू हो जाएगी।

इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है। इस बार मणिमहेश की आधिकारिक यात्रा चार सितंबर जन्माष्टमी से लेकर 19 सितंबर राधा अष्टमी तक आयोजित की जाएगी।

दूसरी होली से गौरीकुंड के लिए हेली टैक्सी सेवा

मणिमहेश यात्रा के दौरान यह दूसरा मौका होगा कि श्रद्धालुओं को होली से गौरीकुंड के लिए हेली टैक्सी सुविधा उपलब्ध होगी। होली से गौरीकुंड के लिए हेली टैक्सी सुविधा उपलब्ध होना शिव भक्तों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं हैं। इससे पहले मणिमहेश यात्रा के दौरान भरमौर से गौरीकुंड के लिए ही हेली टैक्सी सुविधा उपलब्ध होती थी।

4 हेलीकॉप्टर देंगे सेवाएं

वहीं हेलीकॉप्टर के माध्यम से मणिमहेश जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक होने पर कई यात्रियों को सुविधा नहीं मिल पाती थी, जिस कारण कई शिव भक्त मणिमहेश नहीं जा पाते थे। लेकिन पिछले वर्ष की तरह इस बार भी भरमौर व होली दोनों जगहों से चार हेली टैक्सी गौरीकुंड के लिए उड़ रही हैं। लिहाजा काफी शिव भक्त हेलीकॉप्टर के माध्यम से मणिमहेश जा सकेंगे।

6255 रुपये होगा एक तरफ का किराया

होली से गौरीकुंड के लिए दोनों कंपनियां 6255 रुपये एक तरफा किराया वसूल करेंगी। पिछली बार होली से गौरीकुंड के लिए एक तरफ का किराया 4995 रुपये प्रति यात्री निर्धारित था। इस बार किराये में 1300 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। 

भरमौर से 3828 रुपये किराया

वहीं भरमौर से गौरीकुंड के लिए एक तरफ का किराया प्रति यात्री 3828 रुपये रहेगा। होली से उड़ने वाली हेली टैक्सी सेवाओं के लिए आनलाइन के साथ आफ लाइन भी टिकट उपलब्ध होंगे। हेली टैक्सी के माध्यम से भरमौर से गौरीकुंड तक का ट्रैक पांच से सात मिनट में तय हो जाता है। जबकि होली से गौरीकुंड तक उड़ान भरने में 14 से 15 मिनट का समय लगेगा। 

पिछले वर्ष की तरह इस बार भी मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए होली से गौरीकुंड के लिए हेली टैक्सी सुविधा मिलेगी। यह जनजातीय मंत्री जगत सिंह नेगी के प्रयासों से संभव हो पाया है। हेली टैक्सी सुविधा उपलब्ध करवाने वाली कंपनियों की टीमें होली पहुंच गई हैं। 
-चंद्रमणि कुलेठी, अध्यक्ष, मणिमहेश परिक्रमा यात्रा कमेटी होली।

यह भी पढ़ें: Himachal Weather 22nd August: हिमाचल के दो जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, मंडी के बल्ह में जलभराव