Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल: कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर लैंडस्लाइड, मैहला के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर; यातायात ठप

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 05:37 PM (IST)

    कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मैहला के पास भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। ...और पढ़ें

    कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मैहला के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर, मार्ग पूरी तरह बाधित।

    कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मैहला के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर, मार्ग पूरी तरह बाधित।

    HighLights

    1. मैहला के पास भूस्खलन से फोरलेन पर यातायात ठप।

    2. चंडीगढ़-बिलासपुर के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए।

    3. पुलिस ने वाहन चालकों से संयम और सहयोग की अपील की।

    जागरण संवाददाता, बिलासपुर। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर रविवार को मैहला नामक स्थान के पास अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थर गिरने (लैंडस्लाइड) के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सड़क पर मलबे और पत्थरों के आने से जन सुरक्षा को देखते हुए मंडी भराड़ी चौक से आगे फोरलेन पर छोटे और बड़े, सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही को एहतियातन बंद कर दिया गया है।

    मार्ग बंद होने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जिसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने स्थिति को संभालते हुए तुरंत नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है। चंडीगढ़ और बिलासपुर के बीच यात्रा करने वाले वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है।

    यातायात के लिए तय किए गए वैकल्पिक मार्ग

    बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू व मनाली से चंडीगढ़ की ओर जाने वाले वाहन: फोरलेन का उपयोग करते हुए मंडी भराड़ी पुल से नौणी चौक पहुंचेंगे। इसके बाद पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग 205 से होते हुए स्वारघाट के रास्ते कीरतपुर की तरफ आगे बढ़ेंगे।

    चंडीगढ़ की तरफ से बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू व मनाली आने वाले वाहन: पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग का प्रयोग कर स्वारघाट से नौणी चौक पहुंचेंगे। नौणी चौक के पास से पुनः फोरलेन पर आकर मंडी भराड़ी पुल होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

    खबरें और भी

    संयम रखें और ओवरटेकिंग न करें: पुलिस

    यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और हादसों से बचाव के लिए पुलिस प्रशासन ने आम जनता व वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही पालन करें और मौके पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों को मानें।

    प्रशासन ने वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी है कि संकरे मार्गों पर अनावश्यक ओवरटेकिंग न करें और अनुशासन बनाए रखें। इसके साथ ही एम्बुलेंस व अन्य आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता देने का अनुरोध किया गया है। मार्ग से मलबा हटाने का कार्य प्राथमिकता पर किया जा रहा है ताकि यातायात जल्द से जल्द बहाल हो सके।