कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर मनमानी वसूली: अधिकारियों ने प्रिंट रेट से अधिक पैसे लेते पकड़े 5 ढाबा संचालक, किए चालान
मनाली फोरलेन पर मनमाने दाम वसूलने वाले पांच ढाबा संचालकों के चालान किए हैं। कोल्ड ड्रिंक और सिगरेट सहित अन्य सामान पर प्रिंट रेट से अधिक कीमत वसूलने प ...और पढ़ें

मनाली फोरलेन पर प्रिंट रेट से ज्यादा कीमत वसूलने पर कार्रवाई की गई। (फोटो एआई से बनाया है)
HighLights
फोरलेन पर मनमाने दाम वसूलने वाले ढाबों पर शिकंजा।
विधिक माप विज्ञान विभाग ने पांच दुकानदारों के चालान किए।
कोल्ड ड्रिंक, सिगरेट पर प्रिंट रेट से अधिक वसूली।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सफर करने वाले लोगों से खाद्य एवं पेय पदार्थों के मनमाने दाम वसूलने वाले ढाबा संचालकों व दुकानदारों पर विधिक माप विज्ञान विभाग ने शिकंजा कसा है। विभाग की टीम ने फोरलेन के विभिन्न हिस्सों में औचक निरीक्षण कर प्रिंट रेट से अधिक कीमत वसूलने वाले पांच दुकानदारों के चालान किए हैं। इन दुकानदारों पर कोल्ड ड्रिंक व सिगरेट सहित अन्य सामान पर निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
विभाग की टीम ने किया औचक निरीक्षण
फोरलेन पर स्थित कुछ ढाबों और दुकानों पर यात्रियों से सामान की तय कीमत से अधिक पैसे वसूले जाने की शिकायतें विभाग को मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधिक माप विज्ञान विभाग बिलासपुर के सहायक नियंत्रक प्रवीण सिउटा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने फोरलेन के विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण किया।
प्रिंट रेट से अधिक कीमत वसूलते पकड़े
विभागीय टीम ने मैहला, औहर, भगेड़ और घुमारवीं रोड क्षेत्र में स्थित ढाबों और दुकानों की जांच की। इस दौरान टीम ने दुकानों में उपलब्ध सामान के पैकेटों पर अंकित एमआरपी व ग्राहकों से वसूली जा रही कीमतों का मिलान किया। जांच के दौरान कुछ दुकानदार कोल्ड ड्रिंक्स, सिगरेट समेत अन्य सामान पर प्रिंट रेट से अधिक कीमत वसूलते हुए पाए गए। पांच दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनके चालान किए। साथ ही संबंधित दुकानदारों को नोटिस भी जारी किए गए हैं।
उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूलना स्वीकार नहीं
फोरलेन बनने के बाद इस मार्ग पर यातायात और यात्रियों की आवाजाही में बढ़ोतरी हुई है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से सफर करते हैं और रास्ते में स्थित ढाबों व दुकानों से खाने-पीने का सामान खरीदते हैं। ऐसे में कुछ दुकानदारों द्वारा यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर सामान के अधिक दाम वसूलने की शिकायतें सामने आती रही हैं। विभाग का कहना है कि यात्रियों या उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूलना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि सामान खरीदते समय पैकेट पर अंकित एमआरपी जरूर जांचें और दुकानदार द्वारा मांगी जा रही कीमत का मिलान करें। यदि कोई दुकानदार प्रिंट रेट से अधिक पैसे मांगता है तो उपभोक्ता इसकी शिकायत विभाग के समक्ष कर सकता है।
खबरें और भी
फोरलेन पर कुछ ढाबा संचालकों द्वारा मनमाने रेट वसूलने की शिकायतें विभाग के पास पहुंच रही थी। औचक निरीक्षण के दौरान पांच ऐसे ढाबा संचालक पाए गए हैं, जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
-प्रवीण सिउटा, सहायक नियंत्रक, विधिक माप विज्ञान विभाग बिलासपुर।
यह भी पढ़ें: गर्भस्थ शिशु के मुंह में मिला भ्रूण, हिमाचल के IGMC अस्पताल में सामने आया दुर्लभ मामला